IND vs NZ: 'सलाइवा क्यों यूज नहीं कर सकते?' शुभमन गिल ने गेंदबाजों के लिए उठाई आवाज; ICC से लगाई गुहार
शुभमन गिल ने वेलिंग्टन टेस्ट के बाद ICC से गेंदबाजों को सलाइवा के उपयोग की इजाजत देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी खत्म हो चुकी है और अब गेंदबाजों को गेंद चमकाने के लिए सलाइवा इस्तेमाल करने देना चाहिए।
-1795421297851_m.webp)
शुभमन गिल ने गेंदबाजों के लिए उठाई आवाज

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने वेलिंग्टन टेस्ट मैच के बाद गेंदबाजों की वकालत करते हुए आईसीसी से एक गुहार लगाई है। गिल ने कहा है कि अब गेंदबाजों को सलाइवा का उपयोग करने की इजाजत दी जानी चाहिए।
पहले गेंदबाज गेंद को चमकाने के लिए अपने सलाइवा का उपयोग करते थे ताकि गेंद को चमका सकें और स्विंग प्राप्त कर सकें, लेकिन कोविड के दौरान आईसीसी ने संक्रमण फैलने से रोकने के लिए इस पर बैन लगा दिया था जो अभी तक जारी है। गिल ने कहा है कि अब कोविड को काफी समय हो चुका है इसलिए गेंदबाजों को सलाइवा के उपयोग की इजाजत दी जानी चाहिए।
गिल ने की अपील
वेलिंग्टन टेस्ट मैच के ड्रॉ पर खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए गिल ने कहा कि आईसीसी को गेंदबाजों को गेंद को चमकाने के लिए सलाइवा के इस्तेमाल की इजाजत देनी चाहिए। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि गेंद को चमकाना (सलाइवा की मदद से) क्यों मान्य नहीं है। कोविड महामारी को गुजरे कई साल हो चुके हैं। मुझे नहीं पता कि अभी तक इसकी दोबारा इजाजत क्यों नहीं दी गई।"
आईसीसी ने कोविड के समय सलाइवा पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया था, लेकिन सितंबर 2022 में उसने इसे स्थायी कर दिया। अब गेंदबाज गेंद को चमकाने के लिए सिर्फ अपने पसीने का उपयोग ही कर सकते हैं। सलाइवा से गेंद को चमकाया जाता था जिससे गेंद ज्यादा देर तक चलती थी और गेंदबाजों को स्विंग में भी मदद मिलती थी। इससे रिवर्स स्विंग में भी मदद मिलती थी।
पिच से है शिकायत
गिल ने मैच ड्रॉ होने के बाद पिच को लेकर भी बयान दिया है और कहा है कि यहां गेंदबाजों के लिए कुछ नहीं था। गिल के मुताबिक, बेसिन रिजर्व की पिच पर गेंदबाज लगातार मेहनत कर रहे थे, लेकिन पिच से मदद न मिलने के कारण उनको फायदा नहीं हो रहा था। भारत और न्यूजीलैंड के बीच अगला टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में शुरू होगा। गिल ने उम्मीद जताई है कि दूसरे टेस्ट की पिच से गेंदबाजों को मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।