IND vs WI: वैभव सूर्यवंशी को पहले T20I मैच से दिखाया जाएगा बाहर का रास्ता? गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने दिया बड़ा हिंट
गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने युवा वैभव सूर्यवंशी को टीम के साथ अधिक समय बिताने की आवश्यकता पर जोर दिया, भले ही उन्हें खेलने का मौका न मिले।

वैभव सूर्यवंशी (फोटो: BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, लखनऊ। भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने सोमवार को कहा कि युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को टीम के साथ अधिक समय बिताने की जरूरत है, भले ही उन्हें खेलने का मौका न मिले। मोर्केल का मानना है कि ऐसा करना क्रिकेट के लिए शानदार होगा।
युवा सूर्यवंशी एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे और उन्होंने सभी मैच खेले, लेकिन वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। ऐसी पूरी संभावना है कि भारत मंगलवार को वेस्टइंडीज के विरुद्ध होने वाले पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को प्रारंभिक बल्लेबाज के रूप में उतारेगा।
वैभव की प्रतिभा से सभी वाकिफ
मोर्केल ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हम सभी वैभव की प्रतिभा से वाकिफ हैं। वह जितना अधिक समय इस माहौल में गुणवत्तापूर्ण खिलाड़ियों के साथ बिताएगा और जितना अधिक इस स्तर पर अभ्यास करेगा, यह उसके क्रिकेट के लिए उतना ही अच्छा होगा।
वैभव सूर्यवंशी को टीम के साथ अनुभव मिल रहा: मोर्ने मोर्केल
उन्होंने कहा कि अगर उसे मैच खेलने का समय नहीं मिल रहा है, तब भी वह बस में, डगआउट में और होटल में काफी अनुभवी खिलाड़ियों के साथ रहता है। इस तरह की ड्रेसिंग रूम की संगत और खिलाड़ियों से बातचीत उसके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इसके अलावा यह देखना भी अहम है कि खिलाड़ी किस तरह अपनी प्रक्रिया पर काम करते हैं और अपनी पारी की तैयारी कैसे करते हैं।
मोर्केल ने कहा कि अगर आप खिलाड़ियों को सही माहौल देते हैं तो वे सही सवाल पूछ सकते हैं और चीजों को देखकर सीख सकते हैं। मैं हमेशा युवा खिलाड़ियों को चुनौती देता हूं कि उन्हें मैच खेलने का मौका मिले या सीमित अवसर मिले, हमारा काम यह सुनिश्चित करना है कि वे सीखें, आगे बढ़ें और सवाल पूछें। हालांकि, मोर्केल ने मंगलवार के मैच के संभावित प्लेइंग इलेवन को लेकर कोई संकेत नहीं दिया।
वैभव सूर्यवंशी क्या होंगे ड्रॉप?
उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों में उनके लिए अभिषेक और सूर्यवंशी को शीर्ष क्रम में उतारने का संयोजन था। हम आज रात तय करेंगे कि इस सीरीज के लिए हमारे लिए सबसे अच्छा संयोजन क्या होगा। क्या वे इसी संयोजन के साथ उतरेंगे, खिलाड़ियों की भूमिका में बदलाव होगा या कोई और परिवर्तन किया जाएगा, मैं अभी इसका जवाब नहीं दे सकता।
