'मेरे ऊपर भारतीय टीम को भरोसा नहीं', रवींद्र जडेजा का छलका दर्द; मैनेजमेंट पर लगाए गंभीर आरोप
रवींद्र जडेजा ने खुलासा किया है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट को उनकी बल्लेबाजी पर भरोसा नहीं था, जिसके चलते उन्हें घरेलू क्रिकेट में चौथे नंबर पर खेलने के बावजूद टीम इंडिया में निचले क्रम पर भेजा जाता था।

रवींद्र जडेजा (फोटो: BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत हरफनमौला खिलाड़ी रवींद्र जडेजा ने हैरान करने वाला खुलासा किया है। जडेजा का कहना है कि भारतीय टीम उनके ऊपर भरोसा नहीं करती थी। जडेजा ने ये खुलासा श्रीलंका के खिलाफ गाल में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दौरान किया है। उनका कहना है कि वे घरेलू क्रिकेट में चौथे नंबर पर बैटिंग करते थे लेकिन भारतीय टीम की तरफ से वो नंबर नहीं दिया जाता था।
जडेजा का मानना है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट को उनके ऊपर भरोसा नहीं था और इसी वजह से उन्हें उस नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नहीं भेजा गया। जडेजा ने पिछले कुछ समय से भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में बल्ले और गेंद दोनों से अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कई बार टीम इंडिया को मुश्किलों से निकाला है। हालांकि, उन्हें लगता है कि उनके करियर के शुरुआती दिनों में उनके ऊपर भरोसा नहीं किया गया।
रवींद्र जडेजा ने किया हैरान करने वाला खुलासा
भारत और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए जडेजा ने खुलासा किया। उन्होंने कहा, "जब मैंने करियर की शुरुआत की, तो रणजी ट्रॉफी में मैं चौथे नंबर पर बैटिंग करता था। मेरा उस नंबर बल्लेबाजी करते हुए औसत 60 का था। घरेलू क्रिकेट में मैं, जब भी उस नंबर पर खेला, तो बैटिंग एवरेज 60 से ज्यादा का रहा। इस मुझे पता था कि मुझमें काबिलियत तो है। हालांकि, जब आप भारतीय टीम में आते हैं, तो आपको वो नंबर कभी-कभी नहीं मिलता है।"
मैं अश्विन से भी नीचे बैटिंग के लिए गया: जडेजा
जडेजा ने आगे कहा, "कभी-कभी हालात ऐसे होते हैं, जब मुझे 8वें या 9वें नंबर पर बैटिंग करनी है। ऐसे में आप ड्रेसिंग रूम में पैड पहनकर बैठे रहते हैं और तेज गेंदबाज गेंद चुन रहा होता है, तो इससे हौसला कम होता है। कभी-कभी आप खुद से सोचते हैं, कि आपको जाकर रन बनाने हैं। मेरा कॉन्फिडेंस सचमुच डगमगा गया था। मैं सोचता था कि ये क्या है? मेरे ऊपर टीम पर ही भरोसा नहीं है। कई बार तो मैं अश्विन के बाद भी बल्लेबाजी करने गया।"
जडेजा का टेस्ट करियर
रवींद्र जडेजा के टेस्ट करियर पर नजर डालें, तो उन्होंने टीम इंडिया के लिए गेंद और बल्ले के साथ शानदार कार्य किया है। उन्होंने 90 टेस्ट मैचों में 38.04 की औसत के साथ 4108 रन बनाए हैं। इसके अलावा उन्होंने 348 विकेट भी अपने नाम किए हैं।
