'इसी अंदाज में खेलूंगा', UAE के खिलाफ तबाही मचाने के बाद गरजे वैभव सूर्यवंशी; सेमीफाइनल से पहले दी खुली चुनौती
वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ दोहरा शतक लगाने के बाद बताया कि उन्होंने बड़ी पारी खेलने की पहले से योजना बनाई थी। उन्होंने कोच ऋषिकेश कानिटकर को श्रेय देते हुए कहा कि अब वे सेमीफाइनल में भी इसी लय को बरकरार रखेंगे।

वैभव सूर्यवंशी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वैभव सूर्यवंशी ने दोहरा शतक लगाने के बाद बताया है कि वे पहले से ही सोचकर आए थे कि बड़ी पारी खेलेंगे। सूर्यवंशी का कहना है कि उन्होंने पहले ही सोच लिया था कि अगर पिच से गेंदबाजों के मदद मिल रही होगी, तो वे समय बिताएंगे और बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे। हालांकि, विकेट से जब गेंदबाजों को कुछ खास मदद नही मिली, तो उन्होंने बड़े शॉट्स खेलने शुरू कर दिए।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में यूएई के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने दोहरा शतक लगाया। उन्होंने 53 गेंदों पर 204 रनों की पारी खेली, जिसमें 28 छक्के शामिल रहे। इस पारी के साथ उन्होंने कई रिकॉर्ड्स भी ध्वस्त किए। लिस्ट-ए क्रिकेट में कई रिकॉर्ड्स बनाने के बाद उन्होंने अपने दोहरे सैकड़े का श्रेय कोच ऋषिकेश कानिटकर को दिया है।
वैभव सूर्यवंशी ने खोला राज
मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए सूर्यवंशी ने कहा, "पिछले दो मैचों में मैं सेट हो गया था लेकिन शुरुआत को बड़े स्कोर मं तब्दील नहीं कर सका था। इस वजह से मेरा प्लान था कि मैं मैदान पर जाकर अपना टाइम लूंगा। एक-दो बॉल खेलने के बाद मुझे लगा कि बॉलर्स के लिए यहां पर कुछ भी नहीं है और इसके बाद मैंने अपनी ताकत पर भरोसा किया। बैटिंग करते हुए मैं बस यही सोच रहा था कि अगर पिच बॉलर्स को मदद कर रही है, तो मैं टाइम लूंगा और बड़ी पारी खेलूंगा।"
वैभव ने आगे कहा, "शुक्र है कि ऐसा नहीं हुआ और विकेट अच्छा था। गेंद अच्छी तरह से बल्ले पर आ रही थी और इस वजह से मैंने बस अपनी ताकत पर भरोसा किया। अगर शुरुआत में गेम मेरे कंट्रोल में नहीं होता, तो मैं अपना टाइम लेने की कोशिश करता लेकिन मैं शुरू से ही कंट्रोल में था।"
वैभव सूर्यवंशी ने कोच को दिया श्रेय
वैभव ने दोहरा शतक जड़ने के बाद कोच को भी इसका श्रेय दिया है। उन्होंने कहा, "ऋषि सर हर मैच से पहले मुझसे बात करते हैं। वो अंडर-19 से यही कहते आ रहे हैं कि अगर मैं गेंद को अच्छी तरह से देखूंगा, तो गेम मेरे लिए आसान हो जाएगा।"
वैभव ने आगे के मैचों पर की बात
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने यूएई के खिलाफ जिस तरह से बैटिंग की, उससे अब आगे मैचों के लिए टीमों में खौफ पैदा कर दिया है। उन्होंने सेमीफाइनल से पहले चुनौती भी दे दी है। उन्होंने कहा, "गेम में मेरा फ्लो वापस आ गया है, इसलिए अब मैं टूर्नामेंट के बाकी मैचों में उसे जारी रखने की कोशिश करूंगा। उम्मीद है कि हम सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंचेंगे। मैं उसी फ्लो के साथ खेलना जारी रखूंगा। बैटिंग करते समय आपको हमेशा प्रेशर महसूस होता है। ये नॉर्मल है, थोड़ा नर्वस होना इंसान की फितरत है। हालांकि, दो-चार बॉल के बाद मैं शांत हो जाता हूं।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।