Duleep Trophy: मोहम्मद शमी की चमक पड़ी फीकी, त्रिपुरा के गेंदबाज ने गदर मचाते हुए झटके 5 विकेट
ईस्ट जोन के मध्यम गति के गेंदबाज अभिजित सरकार ने गदर मचाते हुए नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ केवल 20 रन देकर पांच विकेट झटके। नॉर्थ ईस्ट जोन फॉलोऑन खेलने को मजबूर हुई।

अभिजित सरकार (Pic Credit - BCCI Domestic X screengrab)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दलीप ट्रॉफी में सोमवार को ईस्ट जोन के मध्यम गति के गेंदबाज अभिजित सरकार ने महफिल लूट ली। एक ओर जहां भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पहली पारी में विकेट नहीं ले सके, वहीं सरकार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट चटकाए।
बता दें कि अभिजित सरकार की शानदार गेंदबाजी की बदौलत ईस्ट जोन ने नॉर्थ ईस्ट जोन को पहली पारी में केवल 42.5 ओवर में 111 रन पर समेट दिया। इसके बाद ईस्ट जोन ने नॉर्थ ईस्ट जोन को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर किया।
शमी नाकाम, सरकार का जादू
बता दें कि ईस्ट जोन ने शाहबाज अहमद (167) के शतक के दम पर अपनी पहली पारी में 467 रन बनाए। जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की पहली पारी केवल 111 रन पर ढेर हो गई। नॉर्थ ईस्ट जोन को सस्ते में समेटने का श्रेय त्रिपुरा के अभिजित सरकार को जाता है, जिन्होंने 9.5 ओवर के अपने स्पेल में दो मेडन सहित 20 रन देकर पांच विकेट झटके।
इसके अलावा शाहबाज अहमद ने 20 रन देकर तीन विकेट चटकाए। मुकेश कुमार और अनुकूल रॉय के खाते में एक-एक विकेट आया। नॉर्थ ईस्ट जोन ने दूसरे दिन स्टंप्स तक 1 ओवर में बिना किसी नुकसान के 7 रन बना लिए हैं। नॉर्थ ईस्ट जोन की टीम अभी ईस्ट जोन के स्कोर से 349 रन पीछे है जबकि उसके 9 विकेट शेष है।
कौन हैं अभिजित सरकार?
अभिजित किनकर सरकार का जन्म 20 दिसंबर 1996 को उनोकोटी में हुआ। सरकार टीम में गेंदबाज ऑलराउंडर की भूमिका निभाते हैं। 29 साल के मध्यम गति गेंदबाज ने दलीप ट्रॉफी में नॉर्थ ईस्ट जोन के आशीश थापा (19), कप्तान रोंगसेन जोनाथन (21), फिरोइजाम जोतिन (11), आकाश चौधरी और बिस्वरजित कोंटूजम को अपना शिकार बनाया।
उल्लेखनीय है कि अभिजित ने एक ही ओवर में तीन विकेट झटके। उन्होंने 43वें ओवर की पहली, तीसरी और पांचवीं गेंदों पर विकेट चटकाए। सरकार ने रोंगसेन जोनाथन, आकाश चौधरी और बिस्वरजित कोंथूजम को इन तीन गेंदों पर अपना शिकार बनाया व नॉर्थ ईस्ट जोन की पारी समाप्त की।
🇼 .🇼. 🇼
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) August 24, 2026
Abhijit Sarkar completes his 5⃣-wicket haul in style with three wickets in an over 👌
Scorecard ▶️ https://t.co/XJFhfvvTIU#DuleepTrophy pic.twitter.com/KXNcF1DSIs
सरकार का घरेलू करियर
अभिजित सरकार ने अब तक 50 फर्स्ट क्लास मैच, 41 लिस्ट ए और 20 टी20 मैचों में शिरकत की। वो रणजी ट्रॉफी में त्रिपुरा का प्रतिनिधित्व करते हैं और दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के लिए खेल रहे हैं। सरकार ने 50 फर्स्ट क्लास मैचों में 118 विकेट चटकाए। 41 लिस्ट ए मैचों में 58 और 20 टी20 मैचों में 16 विकेट झटके। बल्ले से उन्होंने क्रमश: 625, 207 और 58 रन बनाए।
वैभव-किशन रहे फ्लॉप
बता दें कि दलीप ट्रॉफी के इस मुकाबले में फैंस की नजरें 15 साल के वैभव सूर्यवंशी और ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन के प्रदर्शन पर टिकी थी। हालांकि, बिहार के इन दोनों खिलाड़ियों ने निराश किया। वैभव महज 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे तो किशन 4 रन बना सके। शाहबाज अहमद ईस्ट जोन की पारी के हीरो रहे, जिन्होंने 244 गेंदों में 17 चौके और चार छक्के की मदद से 167 रन बनाए।
