विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NZ: 'हरियाली' देखकर फंसना नहीं, भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड ने रचा 'चक्रव्यूह'; टीम इंडिया को रहना होगा सावधान

By Abhishek TripathiEdited By: Praveen Kumar Mishra
Published: Thu, 26 Nov 2026 05:00 AM (IST)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे टेस्ट के लिए हेगले ओवल की पिच पर चर्चा की गई है, जिसमें शुरुआती घास के बावजूद बल्लेबाजी के अनुकूल होने की उम्मीद है। 

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

अभिषेक त्रिपाठी, क्राइस्टचर्च। बेसिन रिजर्व की पिच में 15 मिमी की घास थी, हेगली ओवल में 14 मिमी की घास है लेकिन इस हरियाली में फंसना नहीं है। वेलिंगटन में 15 में से सिर्फ एक सत्र तक ही घास टिकी और 14 सत्र गेंदबाज मार खाते रहे। क्राइस्टचर्च में भी पांचों दिन के अधिकतर समय धूप खिली रहने की संभावना है। ऐसे में यहां भी एक-दो सत्र ही तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी।

पहले टेस्ट में 250 से ज्यादा ओवर फेंकने वाली भारतीय टीम सोमवार को यहां पहुंची लेकिन थके होने के कारण मंगलवार को अभ्यास नहीं किया। टीम ने बुधवार को भी वैकल्पिक अभ्यास सत्र रखा है। गुरुवार से दूसरा टेस्ट शुरू होगा और भारतीय टीम अगर न्यूजीलैंड को हरा देती है तो वह इस दौरे में तीनों सीरीज अपने नाम कर लेगी। अमूमन विदेश में दो टेस्ट के बीच इतने कम दिन का अंतर नहीं होता लेकिन अब इसी से काम चलाना पड़ेगा।

बाउंस मिलने की उम्मीद

हेगली ओवल की पिच लगभग बेसिन रिजर्व की ही तरह होगी। हालांकि, यहां पर थोड़ा बाउंस होगा। बेसिन रिजर्व की पिच पर अधिक बाउंस नहीं था। पहले टेस्ट के शुरुआत में थोड़ी सीम मूवमेंट जरूर थी। मैच के पहले 28.2 ओवरों में ही पांच विकेट गिर गए थे लेकिन उसके बाद किसी भी तरह के गेंदबाज को अधिक मदद नहीं मिली। बाउंस की कमी ने लगभग हर गेंदबाज के खतरे को आधा कर दिया।

मैट हेनरी ने पिच पर दी प्रतिक्रिया

बल्ले का किनारा लेकर गेंद पीछे भी नहीं जा रही थी, इससे विकेट के पीछे आउट होने का खतरा भी खत्म हो गया। मैच के पांच दिनों में 407 ओवरों के खेल में कुल 24 विकेट गिरे। क्राइस्टचर्च के लोकल ब्वॉय और वॉबल सीम गेंद फेंकने में माहिर न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने कहा कि उम्मीद है कि हमें यहां थोड़ा बाउंस मिलेगा।

मुझे लगता है कि हर मैच अलग होता है और जिस सतह पर आप खेलते हैं वह भी थोड़ी अलग होती है। हाल के दिनों में यहां काफी रन बने हैं इसलिए हमारे लिए जरूरी है कि हम बहुत अधिक उम्मीदें न पालें और पिच को समझने की कोशिश करें। ऐसा करना एक बहुत ही बारीक कला है।

भारत-ए मैच के दौरान भी बल्लेबाजी के अनुकूल थी पिच

इस मैदान में होने वाले दूसरे टेस्ट में कैसी परिस्थितियां रहेंगी उसका अंदाजा यहां भारत-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच हुए चार दिवसीय मैच से पता चल चुका है। तब भारत-ए ने पहली पारी में ध्रुव जुरैल के 105 रनों की मदद से 346 रन बनाए, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड-ए ने मैट बॉयल के 110 रनों की बदौलत 424 रन बनाए थे।

इसके बाद भारत-ए ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 282 रन बनाए जिसमें यशस्वी जायसवाल 155 रन बनाकर नाबाद रहे। उस मैच में भी पिच पूरी तरह से सपाट हो गई थी। हेनरी ने कहा कि हेगली ओवल में पारंपरिक रूप से तेज गेंदबाजों को मदद मिलती रही है, खासकर तब जब पिच पर उछाल और कैरी हो लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच बल्लेबाजी के लिए और भी बेहतर होती जाती है। मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड में आम तौर पर जिन विकेटों पर घास होती है, वे समय के साथ और बेहतर होते जाते हैं, और यहां भी ऐसा ही हुआ है। यह बल्लेबाजी के लिए एक अच्छा मैदान है। जाहिर है, जब पिच पर उछाल होता है, तो गेंदबाजों के लिए अच्छा होता है, लेकिन बल्लेबाजी के नजरिये से देखें तो यहां तेजी से रन भी बनाए जा सकते हैं।

हेनरी ने कहा कि इस पिच पर कुछ ऐसे पल आते हैं जब बल्लेबाजों अपने डिफेंस पर थोड़ा भरोसा करना पड़ता है, लेकिन एक बार जब आप उन मुश्किल पलों से निकल जाते हैं, तो आप सच में गेंदबाजों पर दबाव बना सकते हैं। जब पिच सपाट हो जाती है, तो एक गेंदबाज के लिए गलती की गुंजाइश बहुत कम रह जाती है।

हेनरी हैं खतरनाक

सीरीज शुरू होने से पहले भारत को न्यूजीलैंड के अगर किसी तेज गेंदबाज से सबसे ज्यादा डर था तो वह मैट हेनरी ही थे। हेनरी ने चौथे वनडे में अपने पहले ओवर में ही भारत के तीन विकेट लेकर कोहराम मचा दिया था। माउंट माउनगानुई में उन्होंने 27 रन देकर छह विकेट लिए थे। उस पिच पर सीम मूवमेंट और बाउंस दोनों मौजूद थे। हालांकि वह ऐसी भी नहीं थी जिस पर बल्लेबाजी करना नामुमकिन हो लेकिन हेनरी ने वहां वाबल-सीम गेंदबाजी का शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि वेलिंगटन की सपाट पिच पर उनकी धार कुंद नजर आई।

अगर न्यूजीलैंड यहां टॉस जीतता है तो वह शुरुआती एक-दो सत्र में भारत की पहली पारी को तहस-नहस कर सकते हैं। उनका इस मैदान पर प्रदर्शन शानदार रहा है। टेस्ट क्रिकेट में उनके दो सबसे बेहतरीन प्रदर्शन इसी मैदान पर आए हैं। उन्होंने फरवरी 2022 में 23 रन देकर सात विकेट और मार्च 2024 में 67 रन देकर सात विकेट इसी मैदान पर लिए हैं। इस 34 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा कि सालों से इस मैदान पर खेलने का अनुभव घरेलू टीम को एक तरह का आत्मविश्वास देता है। जब आप अपने घरेलू मैदान पर होते हैं, जहां आपने काफी क्रिकेट खेला है, तो आपको एक तरह का सहज अहसास होता है।

आप मैदान और वहां की स्थितियों को अच्छी तरह से जानते हैं। अतीत में यहां क्रिकेट खेलना हमेशा शानदार रहा है। यह एक ऐसी जगह है जहां मुझे क्रिकेट खेलना पसंद है। क्राइस्टचर्च मैट हेनरी का घर है। उनके 153 टेस्ट विकेटों में से 40 विकेट इसी मैदान में आए हैं। यहां उनका औसत 23.32 का है। हेनरी यहां पर वॉबल सीम (हवा में डगमगाते हुए) गेंद का मुजाहिरा करवान से नहीं चूकेंगे। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को उनका डटकर सामना करना होगा।

यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल दोस्ती का नया रंग, IPL 2027 नीलामी में 10 खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन

यह भी पढ़ें- IND-A vs SL-A: वैभव सूर्यवंशी पर सेमीफाइनल में होंगी नजरें, अजेय लंका पर जीत हासिल करने उतरेगा भारत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।