विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs WI: इकाना में रिकॉर्ड बरकरार रखने के इरादे से उतरेगा भारत, वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी नजरें

Published: Tue, 06 Oct 2026 06:00 AM (IST)

इकाना स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें भारतीय टीम अपना पिछला रिकॉर्ड बरकरार रखने उतरेगी।

इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज

इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

विकास मिश्र, जागरण, लखनऊ। इकाना स्टेडियम एक बार फिर भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले का गवाह बनने जा रहा है। मंगलवार को होने वाले पांच मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम का लक्ष्य जहां जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करना होगा, वहीं उसकी नजर इकाना में वेस्टइंडीज के विरुद्ध अपना पिछला रिकार्ड बरकरार रखने पर भी रहेगी।

इकाना में भारत और वेस्टइंडीज की पहली टी-20 भिड़ंत छह नवंबर 2018 को हुई थी। उस मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने महज 61 गेंदों पर नाबाद 111 रन की तूफानी पारी खेली थी। रोहित के शतक की बदौलत भारत ने 71 रन से मुकाबला अपने नाम किया था। ऐसे में मेजबान टीम पर यहां जीत का सिलसिला बरकरार रखने की चुनौती होगी। हालांकि, भारतीय टीम हाल ही में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में एशियन गेम्स में चैंपियन बनकर लौटी है, जिससे उसके हौसले बुलंद हैं। युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी शानदार फॉर्म में हैं।

नई टीम से बड़ी उम्मीद

करीब आठ साल बाद मंगलवार को जब दोनों टीमें इकाना के मैदान पर आमने-सामने होंगी तो भारतीय टीम में काफी बदलाव देखने को मिलेगा। वेस्टइंडीज की टीम भी भारत के विरुद्ध चुनौती पेश करने के इरादे से उतरेगी। हालांकि, इकाना की पिच और घरेलू दर्शकों का समर्थन भारत के लिए अहम रहेगा। एक तरफ 2018 की यादें होंगी तो दूसरी ओर नई पीढ़ी के बल्लेबाजों से बड़ी पारी की उम्मीद।

इस बार टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में है। कप्तान के तौर पर अय्यर के सामने मजबूत शुरुआत के साथ युवा खिलाड़ियों को बड़ी भूमिका देने की चुनौती होगी। अय्यर ने सीरीज से पहले खिलाड़ियों को स्वाभाविक खेल खेलने और बाहरी दबाव की चिंता नहीं करने की सलाह दी है। इसके अलावा आक्रामक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी पर खास निगाहें रहेंगी।

वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी नजरें

वैभव ने हाल के दिनों में कम उम्र में ही अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से अलग पहचान बनाई है। जिम्बाब्वे दौरे पर तीन टी-20 मैचों में उन्होंने 151 रन बनाए थे। अब घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज जैसी टीम के विरुद्ध उनके प्रदर्शन पर सभी की नजर होगी। वहीं, अभिषेक भी भारतीय टी-20 टीम के बल्लेबाजी क्रम का अहम हिस्सा हैं। पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता टीम को शुरुआती ओवरों में बढ़त दिला सकती है, जबकि मध्यक्रम में कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ तिलक वर्मा और अन्य बल्लेबाजों पर पारी को मजबूती देने की जिम्मेदारी होगी।

भारत के टी-20 दल में अभिषेक, वैभव, ईशान किशन, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे समेत कई विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में मुकाबले में सबसे ज्यादा निगाहें इस बात पर रहेंगी कि क्या श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम रोहित की यादगार पारी वाले मैदान पर जीत से शुरुआत कर पाती है?

भारत का पलड़ा भारी, लेकिन वेस्टइंडीज भी कम नहीं

भारतीय टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज भले ही 2-1 से जीत ली हो, लेकिन कैरेबियाई टीम ने उसे कड़ी टक्कर दी। अब वेस्टइंडीज टी-20 में भी अपना दम दिखाना चाहेगी। कैरेबियाई टीम को शेरफेन रदरफोर्ड, शिमरोन हेटमायर और रोमारियो शेफर्ड जैसे खिलाड़ियों से मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है। शाई होप ने वनडे में जबरदस्त बल्लेबाजी की। वह इकाना में भी उस लय को बरकरार रखना चाहेंगे।

बल्लेबाजों के साथ वेस्टइंडीज को अपने गेंदबाजों अकील होसेन, शमार जोसेफ और रोमारियो शेफर्ड से भी बेहतर प्रदर्शन की आस रहेगी। भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक कुल 31 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 20 में जीत हासिल की है, जबकि कैरेबियाई टीम को 10 मैचों में सफलता मिली है। एक मैच बेनतीजा रहा है। बेशक आंकड़े भारत के साथ हैं, लेकिन वेस्टइंडीज ने फटाफट क्रिकेट में बड़ी टीमों को कई बार चौंकाया है।

इस प्रकार है टीम

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, ईशान किशन, नमन धीर, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई, मयंक यादव।

वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान, विकेटकीपर), आमिर जांगू, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्डे, शिमरोनन हेटमायर, अकील हुसेन, शमार जोसेफ, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पावेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोमारियो शेफर्ड, शमार स्प्रिंगर।

यह भी पढ़ें- IND vs WI: भारत-वेस्टइंडीज मैच से पहले फैंस की बढ़ी मुश्किलें, इकाना स्टेडियम के पास भरा पानी

यह भी पढ़ें- IND vs WI: वैभव सूर्यवंशी को पहले T20I मैच से दिखाया जाएगा बाहर का रास्ता? गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने दिया बड़ा हिंट