टी20 सीरीज से पहले भारत और वेस्टइंडीज पर गिरी गाज, आईसीसी ने चला दिया हंटर
भारतीय क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज पर आईसीसी ने धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगाया है। भारत पर 20 प्रतिशत ...और पढ़ें

भारत और वेस्टइंडीज को लगा झटका
HighLights
आईसीसी ने भारत और वेस्टइंडीज पर जुर्माना लगाया
धीमी ओवर गति के कारण मैच फीस पर लगा दंड
भारत पर 20 और वेस्टइंडीज पर 10 प्रतिशत का जुर्माना
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज की शुरुआत से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को झटका लगा है और विंडीज टीम भी इससे अछूती नहीं रही है। यह झटका दोनों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने दिया है। आईसीसी ने न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे वनडे के दौरान धीमी ओवर गति के लिए भारत और वेस्टइंडीज दोनों पर सोमवार को जुर्माना लगाया है।
भारत पर जहां मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया, वहीं वेस्टइंडीज पर 10 प्रतिशत जुर्माना लगा, जिसमें दोनों टीम को निर्धारित ओवर गति से क्रमशः चार और दो ओवर कम पाया गया।
टीमों ने मानी गलती
मैच रेफरी प्रकाश भट्ट ने शनिवार को मैच के बाद यह जुर्माना लगाया। आईसीसी ने कहा कि दोनों कप्तानों ने अपराध स्वीकार कर लिए और प्रस्तावित जुर्माने को स्वीकार कर लिया है जिससे औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं थी।
इस मैच में वेस्टइंडीज ने जीत हासिल की थी और भारत के 3-0 से सीरीज अपने नाम करने के सपने को तोड़ दिया था। भारत ने 2-1 से सीरीज पर कब्जा जमाया था।
ऐसा रहा था मैच
इस मैच में, भारत ने पहले बल्लेबाजी की थी और खराब शुरुआत से बाहर निकलते हुए 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 351 रनों का स्कोर खड़ा किया था। उसके लिए केएल राहुल ने नाबाद 129 रनों की पारी खेली। हालांकि, उनकी पारी पर शाई होप ने पानी फेर दिया था। होप के शतक के दम पर वेस्टइंडीज ने यह टारगेट 48.2 ओवरों में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया था। ये वेस्टइंडीज का वनडे में सबसे बड़ा रन चेज था।
