IND vs SL: SCC में उगाने होंगे जीत के फूल, आज से भारत और श्रीलंका के विरुद्ध शुरू होगा दूसरा टेस्ट
लीड्स में तीन दिन से भी कम समय में 30 विकेट गिर गए, मैके में एक दिन में 18 विकेट गिरे लेकिन कोलंबो में गेंदबाजों की कब्रगाह भारत का इंतजार कर रही है।

भारतीय टीम
अभिषेक त्रिपाठी, जागरण कोलंबो। लीड्स में तीन दिन से भी कम समय में 30 विकेट गिर गए, मैके में एक दिन में 18 विकेट गिरे लेकिन कोलंबो में गेंदबाजों की कब्रगाह भारत का इंतजार कर रही है। इंग्लैंड ने अपने घर में पाकिस्तान को पांच सत्र में टेस्ट मैच हरा दिया, ऑस्ट्रेलिया में मेजबानों और बांग्लादेश के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन 18 विकेट गिर गए। बांग्लादेश की टीम सिर्फ 64 रनों पर ऑलआउट हो गई।
ऐसे में जब दुनियाभर में क्रिकेट के सबसे बड़े प्रारूप के मुकाबलों के रिजल्ट निकल रहे हैं, उस समय भारत को बल्लेबाजों की मददगार पिच पर रविवार से श्रीलंका के विरुद्ध जीत की कोशिश करनी होगी। गॉल में पहला टेस्ट मैच जीतने वाली भारतीय टीम को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में पहुंचने के लिए यह मुकाबला जीतना जरूरी है।
ऐसे में भारतीय गेंदबाजों को सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (एसएससी) की पिच पर भी कमाल करना होगा। यहां मैच के तीसरे दिन गाल से ज्यादा टर्न मिलेगी। खास बात यह है कि यहां हुए पिछले नौ टेस्ट मैचों में सभी के रिजल्ट निकले हैं।
श्रीलंका की हालत ज्यादा कमजोर
श्रीलंकाई टेस्ट टीम की स्थिति काफी कमजोर है। श्रीलंका कहीं भी पिछले 10 साल में भारत, इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के विरुद्ध टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है। इन टीमों के विरुद्ध यह लगातार छठी घरेलू सीरीज है जिसे वे जीतने में नकाम रहे हैं।
भारत ने श्रीलंका को 2008 के बाद हर टेस्ट सीरीज में हराया है। मुथैया मुरलीधरन के बाद रंगना हेराथ ने श्रीलंकाई स्पिन आक्रमण की बागडोर संभाली थी लेकिन उनके जाने के बाद से इस टेस्ट टीम की हालत काफी खराब हो गई।
घर पर स्पिनरों की मददगार पिच पर विदेशी टीम ज्यादा अच्छा प्रदर्शन करने लगीं, इसी कारण श्रीलंकाई बोर्ड ने गाल में पिच पर ज्यादा पारी डलवाया जिससे स्पिनरों को कम मदद मिले। इसके बावजूद मानव सुथार ने 10 विकेट लेकर कमाल कर दिया। श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या और पदार्पण करने वाले केशर नुवांथा उतना बेहतर नहीं कर पाए।
भारतीय बल्लेबाजों के लिए बेहतर मौका
भारतीय कप्तान शुभमन गिल अगर गाल की तरह यहां भी टास जीतते हैं तो वह पहले बल्लेबाजी का ही निर्णय लेंगे। गाल में 165 रनों से भारत ने टेस्ट जीता था लेकिन ओपनर यशस्वी जायसवाल और कप्तान गिल अच्छी पारियां नहीं खेल पाए।
पिछली छह टेस्ट पारियों में दो शतक लगाने वाले गिल के लिए यहां पर बड़ा शतक लगाने का मौका होगा। हालांकि उन्हें बाएं हाथ के गेंदबाज प्रभात जयसूर्या से निपटना होगा जिन्होंने उन्हें पिछली दो पारियों में आउट किया था। बाएं हाथ के ओपनर जायसवाल को भी आफ स्टंप के बाहर की गेंदों पर आउट होने से बचना होगा।
कुलदीप या सारांश
अपने कमबैक टेस्ट में सिर्फ एक विकेट लेने वाले कुलदीप यादव एसएससी में एक भी दिन अभ्यास करने नहीं आए। ऑफ स्पिनर ऑलराउंडर सारांज जैन ने दोनों दिन अभ्यास किया। टेस्ट क्रिकेट में अभी भी कुलदीप का औसत 23 से थोड़ा अधिक है जो उनकी क्वालिटी को बताता है। कोच गौतम गंभीर ने प्रेस कांफ्रेंस में पांच मुख्य गेंदबाजों को खिलाने पर जोर भी दिया।
स्पिन कोच साईराज बहुतुले ने भी कुलदीप का बचाव किया था। श्रीलंका टीम मे कम से कम चार बाएं हाथ के बल्लेबाज खेलेंगे। पिछले मैच में उनकी तरफ से बाएं हाथ के बल्लेबाजों ने अच्छा किया था। ऐसे में आफ स्पिनर सारांश जैन को खिलाने पर विचार किया जा सकता है। हालांकि सिर्फ एक मैच के बाद कुलदीप को बाहर करने का निर्णय अच्छा नहीं होगा।
सुथार पर भरोसा
मानव सुथार इस सीरीज में भारत के मुख्य गेंदबाज हो गए हैं। गाल में दूसरा टेस्ट खेलने वाले सुथार को दोनों पारियों में कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा से पहले गेंदबाजी का मौका मिला। उन्होंने श्रीलंका में पहली ही गेंद पर विकेट लेकर अपनी पहचान बनाई। उन्होंने वह सब कुछ किया जिसकी उनसे उम्मीद थी। वह ओवरस्पिन के साथ लंबे स्पैल फेंकने में माहिर हैं।
श्रीलंका को करनी होगी मेहनत
सोनल दिनुशा की पारियों ने श्रीलंका को आत्मविश्वास दिया है। उन्होंने एक शतक मारा दूसरी पारी में भी शतक के करीब पहुंचे। श्रीलंकाई कप्तान को उन्हें नंबर छह की जगह ऊपर उतारने पर ध्यान देना होगा। हालांकि श्रीलंकाई टीम चोटों से परेशान है। पथुम निसांका और कुसल मेंडिस फिट नहीं हुए हैं। चांदीमल बाहर हो चुके हैं। ऐसे में कामिल मिशारा को पदार्पण का मौका मिल सकता है।
नंबर गेम
- 2023 में भारत ने विदेश में आखिरी टेस्ट सीरीज वेस्टइंडीज के विरुद्ध जीती थी। उसके बाद भारत घर से बाहर ऑस्ट्रेलिया से हारा और दक्षिणा अफ्रीका व इंग्लैंड से सीरीज ड्रॉ कराई।
- 2-0 से क्लीन स्वीप के बाद भारत डब्ल्यूसीए अंक तालिका में 57.58 प्रतिशत पाइंट्स के साथ चौथे स्थान पर पहुंच सकता है।
- बांग्लादेश 66.67 परसेंट पाइंट्स के साथ चौथे स्थान पर है। बांग्लादेश मैके में दूसरा टेस्ट हारकर 55.56 परसेंट पाइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर खिसक सकता है।
- 31वां टेस्ट खेलेंगे यशस्वी जायसवाल। वह दुनिया के 31 अलग-अलग स्टेडियम में खेलने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
- 10 प्रथम श्रेणी शतक जो देवदत्त पडिक्कल ने लगाए हैं उसमें छह में उन्होंने 150 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं।
- 2015 में श्रीलंका ने आखिरी बार भारत के विरुद्ध टेस्ट मैच जीता था। तब से उसने नौ टेस्ट हारे हैं और दो ड्रा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- IND vs SL 2nd Test: जीत के बावजूद गौतम गंभीर करेंगे प्लेइंग-11 में बदलाव? इस धुरंधर का कट सकता पत्ता
