IND vs SL: यशस्वी जायसवाल पर चला आईसीसी का डंडा, आशिता फर्नांडो भी आए चपेट में; दोनों पर लगा तगड़ा जुर्माना
भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई गेंदबाज आशिता फर्नांडो पर आईसीसी ने मैच फीस का जुर्माना लगाया है। इन दोनों के बीच पहले दिन विवाद हो गया था।

यशस्वी जायसवाल और आशिता फर्नांडो पर लगा जुर्माना (PC - ICC)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के गेंदबाज आशिता फर्नांडो को कोलंबो टेस्ट मैच के पहले दिन हुए विवाद के चलते सजा सुनाई है। आईसीसी ने इन दोनों खिलाड़ियों पर भारी जुर्माना लगाया है। साथ ही डिमेरिट अंक भी जोड़ा है।
मैच के पहले दिन यशस्वी और फर्नांडो के बीच विवाद हो गया था। फर्नांडो ने यशस्वी को बोल्ड कर दिया था और जब भारतीय बल्लेबाज जाने लगे थे तब उनसे कुछ कहा था। इसके बाद यशस्वी भी नहीं माने थे और उन्होंने पलटकर श्रीलंकाई गेंदबाज से बहस की थी। इस बीच दोनों के बीच धक्का-मुक्की भी हो गई थी। श्रीलंकाई टीम के खिलाड़ियों ने दोनों को अलग किया था और मामले को शांत कराया था।
25 फीसदी मैच फीस कटी
आईसीसी ने इसी के चलते इन दोनों को अपनी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.12 के उल्लंघन का दोषी पाया है जिसमें खिलाड़ियों, प्लेयर सपोर्ट पर्सनल, अंपायर, मैच रेफरी और अन्य के साथ गलत फिजिकल कॉन्टेक्ट शामिल है। इसी कारण आईसीसी ने दोनों ही खिलाड़ियों पर 25 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा दोनों ही खिलाड़ियों को एक-एक डिमेरिट अंक भी दिया है। इन दोनों का पिछले 24 महीने में इस तरह का कोई अन्य व्यवहार सामने नहीं आया है। आईसीसी ने बयान देकर इस बात की जानकारी दी है।
नहीं हुई आधिकारिक सुनवाई
दोनों ही खिलाड़ियों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार कर लिया है और इसी कारण आधिकारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। दोनों ही खिलाड़ियों ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट द्वारा दी गई सजा को भी कबूल कर लिया है।
