IND vs SL: सुथार-जडेजा के आगे श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने टेके घुटने, दिनुशा की शतकीय पारी के बावजूद बैकफुट पर मेजबान
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच गॉल में खेला जा रहा है। मुकाबले में तीन दिन का खेल खत्म हो चुका है और टीम इंडिया ने मैच पर मजबूत पकड़ बना ली है।

इंडिया वर्सेस श्रीलंका

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का तीसरा दिन समाप्त हो गया है। बारिश से तीसरा दिन भी प्रभावित रहा और इसी वजह से मैच के आखिर में भारत को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला। अंपायर्स ने तीसरे दिन पर स्टंप्स का एलान कर दिया। भारतीय टीम ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 462 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
श्रीलंकाई टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए थे और उनकी आधी टीम पवेलियन वापस लौट गई थी। इसके बाद सोनल दिनुशा और निरोशन डिकवेला ने मोर्चा संभाला और श्रीलंका को मुश्किल से बाहर निकालने की कोशिश की। हालांकि, इसके बावजूद लंका की टीम 284 रनों पर सिमट गई। भारत ने पहली पारी में ही 178 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।
सोनल दिनुशा की शतकीय पारी
श्रीलंका की टीम एक समय मुश्किल में दिख रही थी। इसके बाद सोनल दिनुशा ने डिकवेला के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। दोनों ने शतकीय साझेदारी कर टीम को 200 को पार पहुंचाया। दिनुशा ने शतक लगाया, जबकि डिकवेला 80 रन बनाकर आउट हुए। प्रसिद्ध कृष्णा ने डिकवेला को आउट कर इस साझेदारी को समाप्त किया और इसके बाद भारतीय गेंदबाज हावी हो गए। भारत के लिए मानव सुथार और रवींद्र जडेजा ने कमाल कर दिया।
मानव सुथार और रवींद्र जडेजा की कमाल की गेंदबाजी
अफगानिस्तान के खिलाफ अपना डेब्यू करने वाले मानव सुथार ने श्रीलंका की धरती पर कहर ढा दिया। उन्होंने अपनी फिरकी पर लंका के बल्लेबाजों को खूब नचाया। सुथार ने 21.4 ओवर में 76 रन खर्च करते हुए 4 विकेट हासिल किए। दूसरी तरफ जडेजा भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने अपना अनुभव दिखाया और विपक्षी टीम के 3 बल्लेबाजों को मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। दोनों की शानदार गेंदबाजी की वजह से श्रीलंकाई टीम 284 रनों पर सिमट गई और भारत ने 178 रनों की बढ़त हासिल कर ली। मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को एक-एक सफलता मिली।
चौथे दिन भारतीय टीम पर रहेंगी नजरें
टीम इंडिया फिलहाल मैच में 178 रनों की बढ़त बनाए हुए है। मुकाबला बारिश की वजह से प्रभावित रहा है और चौथे दिन भी बारिश की संभावना है। ऐसे में टीम इंडिया को तेजी से रन बनाने होंगे ताकि श्रीलंकाई बल्लेबाजों को आउट करने के लिए गेंदबाजों को अधिक समय मिले।
