IND U19 vs AUS U19: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चला तन्मय की फिरकी का जादू, कंगारू टीम टेस्ट मैच के पहले दिन ही हुई 'शर्मसार'
अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट में तन्मय बलोदा ने 6 विकेट लेकर मेहमान टीम को 174 रन ...और पढ़ें

इंडिया अंडर-19 वर्सेस ऑस्ट्रेलिया अंडर-19

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच में तन्मय बलोदा की फिरकी का जादू सिर चढ़कर बोला। उन्होंने कमाल की गेंदबाजी की और ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाजों को अपनी फिरकी पर खूब नचाया। बलोदा ने छह विकेट लेकर कंगारुओं के बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया और मेहमान टीम 174 रनों पर सिमट गई।
पहले अनौपचारिक टेस्ट मैच में शानदार जीत के बाद अब दूसरे मुकाबले में भी टीम इंडिया ने शिकंजा कस दिया है। हालांकि, भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों से सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि पहले दिन का खेल समाप्त होने तक यशबर्धन चौहान की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने दो विकेट गंवा दिए हैं और अब दूसरे दिन संभलकर बल्लेबाजी करने की जरूरत होगी।
तन्मय बलोदा ने की कमाल की गेंदबाजी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी ऑस्ट्रेलियाई अंडर-19 टीम 174 रनों पर सिमट गई। भारत के लेफ्ट आर्म स्पिनर तन्मय बलोदा ने बेहतरीन गेंदबाजी की और 6 विकेट अपने नाम किए। ऑस्ट्रेलिया के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज चार्ली हेंडरसन ने सर्वाधिक 37 रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के नील पटेल को भी शुरुआत मिली और उन्होंने 31 रन बनाए लेकिन बड़ा स्कोर बनाने से चूक गए। इन दोनों के अलावा मेहमान टीम का अन्य कोई भी बल्लेबाज 30 रनों के आंकड़े को भी नहीं छू सका और पूरी टीम 174 रनों पर सिमट गई। भारत के लिए तन्मय के अलावा अयान अकरम को दो और मोहित उल्वा-प्रियांशु सिंह को एक-एक विकेट मिला।
भारत ने भी गंवा दो विकेट
ऑस्ट्रेलिया के 174 रनों के जवाब में भारत की शुरुआत भी आदर्श नहीं रही। दिन का खेल समाप्त होने तक टीम इंडिया ने भी दो विकेट गंवा दिए हैं। लक्ष्य रायचंदानी, जो यूथ वनडे सीरीज में कप्तान थे, यहां पर उनका बल्ला नहीं चला और मात्र एक रन बनाकर आउट हो गए। सागर विर्क को शुरुआत मिली लेकिन 16 रनों पर उन्होंने अपना विकेट गंवा दिया। इसी के साथ दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने दो विकेट खोकर 38 रन बना लिए हैं।
भारत को कप्तान से उम्मीद
पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत के लिए कप्तान यशबर्धन 7* और कुशाग्र ओझा 13* रन बनाकर नाबाद हैं। टीम इंडिया को दूसरे दिन यशबर्धन से कप्तानी पारी की उम्मीद होगी। पहली पारी में ही बढ़त बनाकर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाना चाहेगी।
