श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपी आफताब को जेल में मिल रहीं धमकियां, साकेत कोर्ट में तिहाड़ जेल अधीक्षक तलब
साकेत कोर्ट ने श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपी आफताब पूनावाला को जेल में मिल रही धमकियों के संबंध में तिहाड़ जेल अधीक्षक को तलब किया है।

हत्या आरोपी आफताब पूनावाला को मिल रही धमकियां। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। साकेत कोर्ट ने तिहाड़ जेल अधीक्षक को तलब किया है। उनसे पूछा गया है कि श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपित आफताब अमीन पूनावाला की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं।
आफताब ने दावा किया है कि उसे जेल में बंद अन्य कैदियों से धमकियां मिल रही हैं, जबकि इससे पहले भी उसे सुरक्षा देने के निर्देश दिए जा चुके थे। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरगुरवरिंदर सिंह जग्गी ने यह समन जारी किया है।
2 नवंबर तक पेश करनी है रिपोर्ट
उन्होंने 2 नवंबर के उस आदेश के पालन पर रिपोर्ट मांगी है, जिसमें जेल प्रशासन को पूनावाला की सुरक्षा के लिए तुरंत कदम उठाने को कहा गया था।
चार नवंबर के अपने आदेश में, कोर्ट ने जेल अधीक्षक को छह नवंबर को अनुपालन रिपोर्ट के साथ पेश होने का निर्देश दिया है। उस दिन पूनावाला को भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली सत्य निकेतन हादसा: इमारत ढहने के मामले में पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट, मकान मालिक समेत 6 आरोपी