अब गुटका-खैनी के खाली पैकेट लौटाने पर मिलेंगे पैसे, दिल्ली सरकार की बड़ी तैयारी; जानें पूरा प्लान
दिल्ली सरकार प्लास्टिक बोतलों के साथ गुटखा-खैनी जैसे तंबाकू उत्पादों के खाली पैकेटों के लिए जमा-वापसी योजना लाने की तैयारी में है। इस योजना के तहत उपभोक्ता खाली पैकेट या बोतल लौटाकर तय राशि पा सकेंगे।

दिल्ली में गुटखा-खैनी के पैकेट लाैटाने पर मिलेगा रिफंड। फोटो: एआई जनरेटेड
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में प्लास्टिक कचरे के साथ खैनी और गुटखा जैसे तंबाकू उत्पादों के खाली पैकेटों को भी सड़कों, नालों और जलस्रोतों में पहुंचने से रोकने की तैयारी है।
दिल्ली सरकार की प्रस्तावित जमा-वापसी योजना में ऐसे उत्पादों की पैकिंग को भी शामिल किया जा सकता है।
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को बताया कि प्लास्टिक की बोतलों के साथ तंबाकू उत्पादों की पैकिंग भी योजना के शुरुआती दायरे में रखे जाने पर विचार हो रहा है।
इस योजना को लेकर सिरसा की अध्यक्षता में पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें योजना की रूपरेखा और इसे लागू करने के तरीकों पर चर्चा की गई।
सरकार हिमाचल प्रदेश सहित दूसरे राज्यों में लागू जमा-वापसी व्यवस्था का भी अध्ययन कर रही है। सिरसा ने कहा कि अलग-अलग राज्यों के मॉडल देखने के बाद दिल्ली की जरूरतों और शहरी परिस्थितियों के हिसाब से योजना तैयार की जाएगी।
खाली बोतल या पैकेट लौटाने पर मिलेगी राशि
जमा-वापसी योजना के तहत किसी तय उत्पाद को खरीदते समय उसकी कीमत के साथ उपभोक्ता से एक छोटी अतिरिक्त राशि ली जाएगी। उत्पाद की खाली बोतल या पैकिंग तय संग्रह केंद्र अथवा अधिकृत दुकानदार को लौटाने पर यह राशि वापस कर दी जाएगी।
उदाहरण के तौर पर, प्लास्टिक की बोतल खरीदते समय उपभोक्ता को कुछ अतिरिक्त पैसा देना होगा। खाली बोतल वापस करने पर उसे यह रकम लौटा दी जाएगी। इसी तरह तंबाकू उत्पादों की पैकिंग को भी योजना में शामिल करने का प्रस्ताव है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को खाली पैकिंग इधर-उधर फेंकने के बजाय वापस जमा कराने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इससे प्लास्टिक और अन्य दोबारा इस्तेमाल किए जा सकने वाले कचरे को अलग इकट्ठा करने और उसकी रीसाइक्लिंग में मदद मिलेगी। साथ ही कचरा नालों और जलस्रोतों तक पहुंचने तथा खुले में जलाए जाने से भी रोका जा सकेगा।
एक महीने में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
पर्यावरण मंत्री ने इससे पहले अधिकारियों को एक महीने के भीतर दिल्ली में योजना लागू करने का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे।
विभाग को दूसरे राज्यों की योजनाओं का अध्ययन करने, दिल्ली में उनकी उपयोगिता परखने और लागू करने की रूपरेखा बनाने को कहा गया है।
प्रस्ताव में राशि जमा करने और लौटाने की व्यवस्था, जिम्मेदार संस्थाओं, दुकानदारों, कंपनियों और कचरा उठाने वाले संगठनों की भूमिका तथा योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की रणनीति शामिल होगी।
सिरसा ने पहले की बैठक में चिंता जताई थी कि प्लास्टिक कचरा नालों को जाम करने के साथ जलस्रोतों और मिट्टी को भी प्रदूषित करता है। खुले में जलाए जाने पर इससे वायु प्रदूषण भी बढ़ता है।
अधिकारियों के अनुसार, गोवा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में इस तरह की व्यवस्था लागू है। दुनिया के 40 से अधिक देशों में जमा-वापसी की योजनाएं चल रही हैं। कुछ देशों में इनके जरिये खाली पैकिंग की वापसी की दर 90 प्रतिशत से अधिक और अधिकतम 96 प्रतिशत तक दर्ज की गई है।
सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से कचरे की बेहतर वसूली होगी और नगर निगमों पर कचरा प्रबंधन का बोझ भी कम हो सकेगा। हालांकि, दिल्ली में योजना कितने उत्पादों पर लागू होगी, जमा राशि कितनी होगी और वापसी के लिए कितने संग्रह केंद्र बनाए जाएंगे, यह विस्तृत प्रस्ताव में तय किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।