दिल्ली पुलिस मुख्यालय में प्रदर्शन करने वाले ACP मनस्वी वशिष्ठ सस्पेंड, गृह मंत्रालय की बड़ी कार्रवाई
गृह मंत्रालय ने दानिप्स एसीपी मनस्वी वशिष्ठ को निलंबित कर दिया है। उन्होंने दिल्ली पुलिस के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया था।
HighLights
गृह मंत्रालय ने दानिप्स एसीपी मनस्वी वशिष्ठ को निलंबित किया।
उन्होंने दिल्ली पुलिस के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया था।
आईआईटी खड़गपुर से पढ़े, 2022 बैच के दानिप्स अधिकारी हैं।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस में तैनात दानिप्स एसीपी मनस्वी वशिष्ठ को गृह मंत्रालय ने निलंबित कर दिया है। इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मनस्वी मूलरूप से राजस्थान के हैं। खड़गपुर से इन्होंने आईआईटी करने के बाद सिविल सेवा में आए थे। मनस्वी 2022 बैच के काफी दिलेर दानिप्स अधिकारी है।
आखिर क्यों गिरी एसीपी मनस्वी वशिष्ठ पर गाज?
सोमवार को इन्होंने दिल्ली पुलिस प्रोटेस्ट का नेतृत्व किया था। जिससे सभी आईपीएस नाराज हो गए थे । माना जा रहा है कि निलंबित करने पर यह नौकरी से भी रिजाइन भी कर सकते हैं। बता दें कि पुलिस मुख्यालय के अंदर आकर इन्होंने पुलिसकर्मियों को मोबलाइज किया था, अपने जोरदार संबोधन से पुलिसकर्मियों में जोश भर दिया था।
वकीलों के दबाव में तबादले से पुलिसकर्मियों में भारी रोष
शाहदरा जिले में वकीलों के दबाव में आकर दानिप्स एसीपी मनस्वी वशिष्ठ और एसएचओ अरुण कुमार का निष्क्रिय यूनिटों में तबादला किए जाने के विरोध में पुलिसकर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा।
अपने ही आला अधिकारियों के इस निर्णय से नाराज सैकड़ों की संख्या में पुलिसकर्मी सोमवार सुबह पुलिस मुख्यालय का घेराव करने पहुंच गए।
तीस हजारी कोर्ट की घटना के ठीक सात साल बाद यह दूसरा मौका है, जब दिल्ली पुलिस के जवानों ने अपने ही महकमे के फैसले के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विरोध जताया और वकीलों की कार्यप्रणाली पर भड़ास निकाली।
एसीपी मनस्वी वशिष्ठ के जोशीले भाषण ने किया एकजुट
सुबह नौ बजे से शुरू हुआ यह हाईवोल्टेज ड्रामा देर शाम तक चलता रहा। इस प्रदर्शन में एसीपी मनस्वी वशिष्ठ ने जवानों का पुरजोर नेतृत्व किया। उनके जोशीले भाषणों और 'पुलिस सम्मान व एकता' के आह्वान से दिल्ली पुलिस एकजुट होती चली गई। देखते ही देखते कुछ ही घंटों में सैकड़ों पुलिसकर्मी मुख्यालय पहुंच गए। इनमें कई जवान वर्दी में तो कई सादे कपड़ों में थे, साथ ही बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों ने भी इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों के आगे पुलिसकर्मियों ने लगाए नारे
प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी लगातार 'पुलिस एकता जिंदाबाद' के नारे लगाते रहे। स्थिति को उग्र होते देख कई विशेष आयुक्त, संयुक्त आयुक्त नूपुर प्रसाद और डीसीपी सचिन शर्मा समेत आला अधिकारी एसीपी मनस्वी को समझाने और वार्ता के लिए भीतर ले जाने का प्रयास करते रहे, लेकिन जवान घंटों तक सड़क पर ही डटे रहे और अधिकारियों की एक न सुनी।
मुख्यालय पर सुरक्षा सख्त, तैनात करने पड़े अर्धसैनिक बल
मुख्यालय के बाहर पुलिसकर्मियों की लगातार बढ़ती भीड़ ने वरिष्ठ अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अंततः अर्धसैनिक बलों को बुलाकर तैनात करना पड़ा। इस दौरान एसीपी मनस्वी का आत्मविश्वास और भाषण देने का अंदाज चर्चा में रहा, जिससे खुद पुलिस आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी हैरान रह गए।
घेराव के बीच संपर्क सभा, 45 मिनट तक चला संवाद
दोपहर करीब एक बजे जब आला अधिकारी एसीपी मनस्वी को पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार से बातचीत के लिए भीतर ले जाने लगे, तभी उनके पीछे सैकड़ों पुलिसकर्मी भी मुख्यालय के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद करीब 45 मिनट तक संपर्क सभा चली, जिसमें पुलिस आयुक्त, कई विशेष आयुक्त और संयुक्त आयुक्त स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस आयुक्त के समक्ष रखी गईं तीन मुख्य मांगें
संपर्क सभा में एसीपी मनस्वी ने विभाग के समक्ष 10 से अधिक मांगें रखीं, जिनमें 3 प्रमुख थीं...
- वकीलों के खिलाफ दर्ज मामलों को किसी भी हाल में रद न किया जाए।
- एफआईआर से बार काउंसिल के सदस्य का नाम न हटाया जाए।
- इस प्रदर्शन में शामिल किसी भी पुलिसकर्मी पर कोई अनुशासनात्मक या कानूनी कार्रवाई न हो।
एसीपी ने अधिकारियों से यहां तक कहा कि यदि विभाग को निलंबन या कोई सख्त कार्रवाई करनी ही है, तो केवल उनके खिलाफ की जाए, अन्य किसी जवान को निशाना न बनाया जाए।
आश्वासन के बाद भी शाम तक डटे रहे प्रदर्शनकारी
पुलिस आयुक्त द्वारा मांगों पर आश्वासन दिए जाने के बाद भी जवानों का जमावड़ा खत्म नहीं हुआ। शाम करीब पांच बजे कई पुलिसकर्मी दोबारा मुख्यालय के बाहर सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। सुबह से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन देर शाम तक जारी रहा, जहां जवान दिनभर अपने आत्मसम्मान और संगठन की एकजुटता की आवाज बुलंद करते नजर आए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।