दिल्ली में फिर बदलेगा मौसम, शनिवार से 3 दिन तक बारिश के आसार; रविवार के लिए 'येलो अलर्ट' जारी
दिल्ली में मानसून की विदाई के बाद भी शनिवार से तीन दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान है, ...और पढ़ें

दिल्ली में मानसून के बाद फिर लौटेगी बारिश।
HighLights
दिल्ली में शनिवार से तीन दिन हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान।
रविवार के लिए तेज हवाओं और वर्षा का येलो अलर्ट जारी।
उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर चक्रवाती परिसंचरण वर्षा का कारण।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली से मानसून ने भले ही विदाई ले ली हो, लेकिन शनिवार से तीन दिन के लिए एक बार फिर वर्षा होने का पूर्वानुमान है। रविवार के लिए तो हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इस दौरान तापमान में भी आंशिक गिरावट देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार, रविवार और सोमवार तीनों ही दिन सामान्यतया बादल छाए रहेंगे। शनिवार और रविवार को 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवा चलने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना है।
वहीं सोमवार को हल्की वर्षा होने के आसार हैं। बताया जाता है कि मौसम में इस बदलाव की वजह उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं आसपास के निचले वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बना होना है।
शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे
दूसरी ओर बृहस्पतिवार को भी तेज धूप में उमस भरी गर्मी का मौसम बना रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 35.7 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.0 डिग्री अधिक 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 87 से 53 प्रतिशत रहा। शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तेज धूप भी निकली रहेगी।
