दिल्ली में झुग्गी के विवाद ने ली भांजे की जान, नशे में मामा ने कैंची से किया हमला; दो घंटे में गिरफ्तार
मध्य दिल्ली के पहाड़गंज में झुग्गी के विवाद में एक मामा ने नशे की हालत में अपने 19 वर्षीय भांजे ...और पढ़ें

पहाड़गंज थाने में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं, सदर बाजार थाने में मारपीट और नबी करीम थाने में चोट पहुंचाने व आर्म्स एक्ट का मामला शामिल है।
HighLights
पहाड़गंज में झुग्गी विवाद में मामा ने भांजे की हत्या की।
नशे में धुत मामा ने कैंची से हमला कर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी रवि को दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में झुग्गी के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आराम बाग झुग्गी बस्ती में मंगलवार रात सगे मामा ने अपने 19 वर्षीय भांजे पर कैंची से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपित मामा वारदात के समय नशे में था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पहाड़गंज थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित रवि को करीब दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल कैंची और एक छोटी तलवार बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पहाड़गंज थाने में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं, सदर बाजार थाने में मारपीट और नबी करीम थाने में चोट पहुंचाने व आर्म्स एक्ट का मामला शामिल है।
मध्य जिला उपयुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, मृतक युवक आराम बाग झुग्गी में अपने परिवार के साथ रहता था और ई-रिक्शा चलाता था। उसका मामा रवि नबी करीम के मुल्तानी ढांडा इलाके में रहता है और वह भी ई-रिक्शा चालक है। दोनों परिवारों के बीच झुग्गी को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।
मंगलवार रात करीब 7:15 बजे रवि नशे की हालत में भांजे के घर पहुंचा। वहां झुग्गी को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपित ने कैंची से भांजे पर हमला कर दिया। कैंची के वार से उसकी दाहिनी जांघ और बांह में गंभीर चोटें आईं।
स्वजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल लेडी हार्डिंग मेडिकल काॅलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रात करीब 8:05 बजे पड़ोसी ने पीसीआर को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपित की तलाश में दबिश दी। करीब दो घंटे बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब हत्या के पीछे के पूरे विवाद और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
