दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर लगाम कसने की तैयारी, CAQM ने 15-20% कमी का रखा लक्ष्य; DM और DC संग हुई मीटिंग
CAQM ने दिल्ली-एनसीआर में सर्दियों के प्रदूषण को 15-20 प्रतिशत कम करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए डीसी/डीएम के साथ बैठक कर 'डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान 2027' की समीक्षा की गई।

सीएक्यूएम) के सदस्य सचिव तरुण कुमार पिथोड़े ने दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों के डीसी व डीएम के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। सौ. एक्स
HighLights
CAQM ने दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण घटाने का लक्ष्य रखा।
सर्दियों में 15-20% प्रदूषण कमी का महत्वाकांक्षी लक्ष्य।
कचरा जलाने और ट्रैफिक जाम रोकने पर विशेष ध्यान।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के सदस्य सचिव तरुण कुमार पिथोड़े ने दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों के जिला उपायुक्तों (डीसी) व जिलाधिकारियों (डीएम) के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की।
इस बैठक में सर्दियों के दौरान बढ़ने वाले प्रदूषण से निपटने के उपायों और 'डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान 2027' की गहन समीक्षा की गई। आयोग ने प्रदूषण के स्तर में 15 से 20 प्रतिशत तक की कमी लाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसकी जिम्मेदारी नामित अधिकारियों को सौंपी गई है।
कचरा जलाने और ट्रैफिक जाम पर विशेष फोकस
बैठक के दौरान अधिकारियों को सर्दियों के मौसम में बायोमास, नगर निगम के ठोस कचरे (एमएसडब्ल्यू) और पॉलीथीन जलाने की घटनाओं को सख्ती से रोकने के निर्देश दिए गए।
साथ ही, सड़कों पर ट्रैफिक जाम कम करने और प्रदूषण नियंत्रण अभियानों में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
आयोग ने स्पष्ट किया कि केवल दंडात्मक कार्रवाई पर निर्भर रहने के बजाय, अधिकारियों को जमीन पर उतरकर सक्रिय नजरिया अपनाना होगा।
जिलाधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश
निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल करने के लिए सभी डीसी और डीएम को जमीनी स्तर पर योजनाओं के कार्यान्वयन की सीधी निगरानी करने को कहा गया है।
सदस्य सचिव ने निर्देश दिया कि सभी जिले प्रगति की निरंतर समीक्षा करें और नियमित स्टेटस अपडेट के माध्यम से संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करें, ताकि दिल्ली-एनसीआर की हवा को साफ रखने के प्रयासों में कोई ढिलाई न रहे।