विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DU में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मी तेज, 18 सितंबर को मतदान; ABVP और NSUI ने मेनिफेस्टो के लिए मांगे सुझाव

Updated: Sun, 30 Aug 2026 08:27 AM (IST)

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव नजदीक आते ही छात्र संगठन नए दाखिला लेने वाले छात्रों तक पहुंच बना रहे हैं और घोषणापत्र के लिए सुझाव मांग रहे हैं।

AI जनरेटेड।

AI जनरेटेड।

HighLights

  1. छात्र संगठन डूसू चुनाव प्रचार में तेजी लाए।

  2. नए छात्रों से घोषणापत्र के लिए सुझाव ले रहे।

  3. एनएसयूआई, एबीवीपी, एआईएसए सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव की तारीख नजदीक आते ही छात्र संगठनों ने कॉलेज परिसरों में प्रचार तेज कर दिया है। इस बार संगठनों का खास जोर नए दाखिला लेने वाले छात्रों यानी फ्रेशर्स तक पहुंच बनाने पर है।

छात्र संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कॉलेजों में जाकर छात्रों से उनकी समस्याएं पूछने के साथ ही घोषणापत्र में शामिल किए जाने वाले मुद्दों पर सुझाव भी ले रहे हैं।

छात्रों से संपर्क किया जा रहा

एनएसयूआई की ओर से विभिन्न कॉलेजों में छात्रों से संपर्क किया जा रहा है। संगठन प्रचार के दौरान आधारभूत ढांचे, वाई-फाई सुविधा, नियमित कक्षाएं और कैंटीन के भोजन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहा है।

संगठन के एक सदस्य के अनुसार, वर्ष 2025 में उपाध्यक्ष पद जीतने वाले राहुल झांसला ने मेरा कैंपस, मेरा घोषणापत्र अभियान चलाया था। इसी पहल को इस वर्ष भी आगे बढ़ाते हुए छात्रों से सुझाव लिए जा रहे हैं, ताकि उनके मुद्दों को घोषणापत्र में शामिल किया जा सके।

छात्रों से मांगे सुझाव

वहीं, एबीवीपी ने फ्रेशर्स से व्यक्तिगत मुलाकातों पर जोर दिया है। संगठन के सदस्य नए छात्रों से वन-टू-वन बातचीत कर उनकी प्राथमिकताएं जान रहे हैं। 'मेरा डीयू, मेरा घोषणापत्र’ अभियान के तहत छात्रों से मिले सुझावों को चुनावी घोषणापत्र में शामिल करने की तैयारी है।

एआइएसए भी प्रथम वर्ष के छात्रों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने में जुटा है। संगठन की ओर से छात्रों को कैंपस की राजनीति और छात्र मुद्दों से परिचित कराने के साथ प्रगतिशील राजनीतिक संस्कृति से जोड़ने की बात कही जा रही है। संगठन का मुख्य फोकस चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (एफवाईयूपी) और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) से जुड़े मुद्दों पर है।

एआइएसए के एक कार्यकर्ता ने कहा कि दूसरे और तीसरे वर्ष के छात्र एनईपी और एफवाईयूपी से अधिक प्रभावित हुए हैं, इसलिए ये संगठन की प्राथमिकता में हैं।

वहीं, एसएफआइ और एआइएसए के बीच संभावित गठबंधन को लेकर उन्होंने इसे संयुक्त लड़ाई बताया। डूसू चुनाव 18 सितंबर को होंगे और परिणाम 19 सितंबर को घोषित होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- डूसू चुनाव से पहले ABVP का ‘मेरा डीयू, मेरा घोषणापत्र’ अभियान, छात्रों से मांगे मुद्दे और सुझाव