विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जामिया में बिलकिस बानो के समर्थन में प्रदर्शन करना पड़ा भारी, यूनिवर्सिटी प्रशासन का 13 छात्रों को नोटिस

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:20 PM (IST)

जामिया मिलिया इस्लामिया ने बिलकिस बानो के समर्थन में तय स्थान से अलग प्रदर्शन करने वाले 13 छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों के जवाबों का अध्ययन कर नियमानुसार कार्रवाई करेगा। 

जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने छात्रों को दिया नोटिस। फोटो: आर्काइव

जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने छात्रों को दिया नोटिस। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। जामिया मिलिया इस्लामिया ने 23 नवंबर को बिलकिस बानो के समर्थन में सेंट्रल कैंटीन के पास प्रदर्शन करने वाले 13 छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

इनमें से आठ ने पिछले दिनों परिसर में छात्रसंघ बहाली को लेकर भूख हड़ताल का नेतृत्व किया था।

कैंटीन के पास प्रदर्शन करने पर जारी हुआ नोटिस

चीफ प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि विभिन्न राजनीतिक संगठनों से जुड़े ये छात्र सेंट्रल कैंटीन के पास इकट्ठा हुए थे। विश्वविद्यालय में पहले से ही विरोध-प्रदर्शन के लिए गेट नंबर 18 के अंदर एक जगह तय है।

जबकि कैंटीन के पास आठ से 10 विभाग हैं। वर्तमान में सेमेस्टर परीक्षाएं भी चल रही हैं। ऐसे में प्रदर्शन और शोर-शराबे से परिसर में कामकाज भी प्रभावित हुआ।

जवाब के लिए छात्रों को 25 नवंबर की रात तक का समय दिया गया था। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक सभी छात्रों के जवाब मिल चुके हैं। इनका अध्ययन कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

छात्रों ने कार्रवाई को डराने की कोशिश बताया

छात्र संगठनों ने जामिया की ओर से नोटिस देने की कार्रवाई को बिलकिस बानो के समर्थन में आवाज उठाने वाले छात्रों को डराने की कोशिश करार दिया है।

प्रदर्शन करने वाले छात्रों में से ज्यादातर वे हैं, जिन्होंने जामिया में छात्रसंघ बहाली को लेकर भूख हड़ताल का नेतृत्व किया था। हालांकि जामिया प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई का संबंध न तो इसके विषय से और न ही पिछले आंदोलनों से है।

जामिया की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सायमा सईद के मुताबिक ये नोटिस एक ऐसी जगह पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए जारी किए गए हैं जो इसके लिए तय नहीं थी।

छात्रों को अपना समर्थन जताने और विरोध करने का पूरा अधिकार है, लेकिन विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक कामकाज में किसी भी तरह की बाधा डालना तय नियमों के खिलाफ है और इसकी अनुमति नहीं दी जा सकती। छात्रों के जवाब आ चुके हैं। अध्ययन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय नियमों के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के पॉश इलाके में स्पा की आड़ में चल रहा था गंदा धंधा, 5 सेंटरों पर पड़ा छापा; 39 लड़कियां रेस्क्यू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।