विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में 2027 से बदल जाएगा नर्सरी दाखिले का नियम, अब पहली कक्षा से पहले पढ़नी होंगी 3 कक्षाएं

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:50 PM (GMT+05:30)

दिल्ली के निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से छोटे बच्चों के दाखिले की प्रक्रिया बदलेगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के तहत अब पहली कक्षा से पहले तीन बालवाटिका कक्षाएं अनिवार्य होंगी।

Delhi Nursery Admission 2027 28
Delhi Nursery Admission 2027 28

HighLights

  1. 2027-28 से पहली कक्षा से पहले तीन कक्षाएं अनिवार्य होंगी।

  2. एनईपी-2020 के तहत बालवाटिका-1, 2, 3 व्यवस्था लागू होगी।

  3. समान अंक पर लॉटरी, उम्र के आधार पर दाखिला मिलेगा।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी के निजी स्कूलों में छोटे बच्चों की शुरुआती पढ़ाई के लिए दाखिले की प्रक्रिया का स्वरुप शैक्षणिक सत्र 2027-28 से पूरी तरह बदलने जा रहा है। अब पहली कक्षा के पहले छात्रों को तीन कक्षाएं पढ़नी अनिवार्य होंगी। अभी तक केवल दो ही कक्षाएं थी।

फाउंडेशनल स्टेज की नई व्यवस्था होगी लागू

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के तहत फाउंडेशनल स्टेज की नई व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत...

  • अब नर्सरी, लोअर केजी और अपर केजी को बालवाटिका-एक, बालवाटिका-दो और बालवाटिका-तीन के नाम से जाना जाएगा।
  • शैक्षणिक सत्र 2027-28 से पहली बार बालवाटिका-दो और बालवाटिका-तीन की कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
  • इन दोनों कक्षाओं में नए बच्चों को भी दाखिला मिल सकेगा। अभी तक 2026-27 के सत्र में ये दोनों कक्षाएं नहीं हैं।

आगे कक्षा एक में प्रवेश के लिए भी बदलेगा क्रम

नई व्यवस्था में बालवाटिका की तीनों कक्षाओं के बाद कक्षा एक में प्रवेश का क्रम भी निर्धारित किया गया है। सत्र 2028-29 से बालवाटिका-3 पास करने वाले बच्चों को कक्षा एक में प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा छह वर्ष या उससे अधिक उम्र के बच्चों के लिए कक्षा एक में नए दाखिले का भी प्रविधान रहेगा। इससे शुरुआती कक्षाओं से लेकर पहली कक्षा तक पढ़ाई का नया क्रम तैयार होगा।

बराबर अंक मिलने पर निकलेगी लाॅटरी

यदि किसी स्कूल में उपलब्ध सीटों से अधिक बच्चों को समान अंक मिलते हैं तो दाखिले के लिए लाटरी निकाली जाएगी। यह प्रक्रिया अभिभावकों की मौजूदगी में करानी होगी। स्कूलों को लाटरी से कम से कम पांच दिन पहले अभिभावकों को सूचना देनी होगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, ताकि दाखिले में किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका न रहे।

31 मार्च 2027 तक बच्चे की उम्र के आधार पर तय होगी कक्षा

शिक्षा निदेशालय ने सत्र 2027-28 के लिए उम्र के अनुसार कक्षाओं में दाखिले का क्रम तय किया है।

उम्र और कक्षा के अनुसार प्रवेश तालिका

उम्र कक्षा / प्रवेश का विवरण
3 से 4 वर्ष बालवाटिका-1 (नर्सरी) में दाखिला मिलेगा।
4 से 5 वर्ष बालवाटिका-2 (लोअर केजी) में दाखिला ले सकेंगे। इसमें पिछले सत्र की नर्सरी से प्रमोट होने वाले बच्चे भी शामिल होंगे।
5 से 6 वर्ष नए बच्चों को बालवाटिका-3 (अपर केजी) में दाखिला मिलेगा। वहीं, मौजूदा सत्र 2026-27 में केजी में पढ़ रहे बच्चे अगले सत्र में सीधे कक्षा 1 में प्रमोट होंगे।
6 वर्ष या उससे अधिक नई व्यवस्था के तहत सत्र 2028-29 से बालवाटिका-3 पास करने के बाद कक्षा 1 में प्रवेश का क्रम लागू होगा।

बता दें कि उम्र की गणना 31 मार्च 2027 के आधार पर होगी। स्कूल के प्रधानाचार्य न्यूनतम या अधिकतम आयु सीमा में एक माह तक की छूट दे सकते हैं। इसके लिए अभिभावकों को लिखित आवेदन करना होगा।

दाखिले की जरूरी तारीख

तिथि प्रक्रिया / विवरण
1 दिसंबर दाखिला प्रक्रिया के लिए आवेदन फार्म मिलने शुरू होंगे।
28 दिसंबर आवेदन फार्म जमा करने का अंतिम दिन।
20 जनवरी स्कूल पहली चयन सूची जारी करेंगे। इसमें प्रतीक्षा सूची भी शामिल होगी।
5 फरवरी दूसरी सूची जारी की जाएगी।
22 फरवरी अगर सीट खाली रहती है तो जरूरत पड़ने पर दाखिले की अगली सूची भी जारी होगी।
12 मार्च दाखिला प्रक्रिया समाप्त होगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली नर्सरी एडमिशन 2027-28: उम्र में एक महीने की छूट से लेकर लॉटरी तक, फॉर्म भरने से पहले पढ़ लें सभी नए नियम

यह भी पढ़ें- Delhi Nursery Admission 2027: दिल्ली नर्सरी एडमिशन के लिए आवेदन 1 दिसंबर से होंगे शुरू, ये डॉक्युमेंट कर लें तैयार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।