विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आईपी एक्सटेंशन रामलीला में आज पहुंचेंगे पीएम मोदी, रावण दहन के साथ होगा एक और खास पुतले का दहन

Published: Mon, 19 Oct 2026 11:57 PM (IST)Updated: Tue, 20 Oct 2026 02:12 AM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को आइपी एक्सटेंशन में दशहरे पर पुतलों का दहन करेंगे, जिसमें नकली दवाओं के कालाबाजारियों का पुतला भी शामिल है।

आईपी एक्सटेंशन रामलील में पहुंचेंगे पीएम मोदी। फोटो: आर्काइव

आईपी एक्सटेंशन रामलील में पहुंचेंगे पीएम मोदी। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। आईपी एक्सटेंशन स्थित श्री रामलीला कमेटी इंद्रप्रस्थ की रामलीला में मंगलवार को दशहरे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पुतलों का दहन करने पहुंचेंगे।

रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के साथ पीएम नकली दवाओं की कालाबाजारी करने वालों के पुतले का भी दहन करेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए रामलीला स्थल और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

कार्यक्रम के दौरान दो हजार से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान सुरक्षा में तैनात रहेंगे। आसपास की इमारतों पर स्नाइपरों के साथ ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।

दो हजार से अधिक जवान रहेंगे तैनात

प्रधानमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) ने दो दिन पहले ही कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा की कमान संभाल ली थी।

रामलीला में सोमवार को भी सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई और शाम सात बजे के बाद ही लोगों को रामलीला देखने के लिए प्रवेश दिया गया। मंगलवार को भी प्रवेश द्वारों पर लोगों की तलाशी और प्रवेश पत्रों की जांच की जाएगी।

किसी भी संदिग्ध गतिविधि से निपटने के लिए बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता, त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात रहेंगे। मंगलवार को दशहरा मेले में सुरक्षा को देखते हुए जब तक पीएम रहेंगे, झूले बंद रहेंगे।

सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था पर जोर

कार्यक्रम को सुरक्षित बनाने के लिए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के दो हजार से अधिक जवान तैनात रहेंगे। सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए पुलिसकर्मियों की अलग-अलग स्थानों पर तैनाती की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल की गाड़ियां और एंबुलेंस भी तैयार रहेंगी।

लगभग 150 ड्रोन से होगी निगरानी

कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों पर नजर रखने के लिए ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर रखेंगी, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की बाधा न आए।

पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जरूरी तैयारियां की गई हैं।

सभी संबंधित इकाइयों के बीच समन्वय रखा जा रहा है, ताकि दशहरे का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

यह भी पढ़ें- PM की विदेश यात्राओं का ब्योरा नहीं होगा पब्लिक, दिल्ली HC में CIC के आदेश को वायु सेना ने दी थी चुनौती