जमानती वारंट के 37 दिन बाद ध्रुव राठी के खिलाफ NBW जारी, साकेत कोर्ट ने 8 साल पुराने मानहानि केस में लिया सख्त एक्शन
दिल्ली की साकेत कोर्ट ने 2018 के मानहानि मामले में यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। यह वारंट विकास सांकृत्यायन की शिकायत पर सुनवाई के बाद जारी किया गया है।

साकेत कोर्ट ने सोमवार को विवादित यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है।
HighLights
दिल्ली की साकेत कोर्ट ने ध्रुव राठी के खिलाफ वारंट जारी किया।
यह वारंट 2018 के मानहानि मामले से संबंधित है।
विकास सांकृत्यायन ने 'बीजेपी आईटी सेल' वीडियो पर शिकायत की।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। आठ वर्ष पुराने मानहानि मामले में जमानती वारंट जारी करने के 37 दिन बाद साकेत कोर्ट ने सोमवार को यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ अब गैर-जमानती वारंट जारी किया है। कोर्ट ने 15 अक्टूबर को समन जारी कर दो दिन में पेश होने को कहा था, तब ध्रुव राठी सीजेपी आंदोलन को लेकर भारत में ही थे।
व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश नहीं हो पाने का दिया हवाला
वहीं, 17 अक्टूबर को ध्रुव राठी की ओर से पेश अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि वे लंदन चले गए हैं, इस कारण वह व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश नहीं हो सकते। जिसके बाद कोर्ट ने ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। वहीं, अब मामले में गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है।
किस मामले में ध्रुव राठी के खिलाफ NBW हुआ जारी?
बता दें कि यह मामला यह मामला मई 2018 में उनके यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए ‘बीजेपी आइटी सेल पार्ट-दो’ वीडियो से जुड़ा है। इसमें अरविंद केजरीवाल ने वीडियो को रीट्वीट करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगी थी, जबकि ध्रुव राठी के खिलाफ कार्यवाही जारी रही। शिकायतकर्ता विकास सांस्कृत्यायन उर्फ विकास पांडे का आरोप है कि वीडियो में उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।
राठी सामान्य तौर पर रहते हैं ऑस्ट्रिया में
साकेत कोर्ट के न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल जैन ने 12 अक्टूबर को शिकायतकर्ता की अर्जी पर सुनवाई के बाद नए सिरे से समन जारी करने का आदेश दिया था। अदालत को बताया गया था कि राठी सामान्य तौर पर ऑस्ट्रिया में रहते हैं और फिलहाल भारत में हैं।
इसके बाद शिकायतकर्ता को प्रक्रिया सर्वर के साथ जाकर समन तामील कराने की अनुमति दी गई थी। आरोप है कि राठी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने नोटिस लेने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद गुरुग्राम के केंद्रीय विहार स्थित उनके आवास के बाहर समन चस्पा किया गया था। वहीं बाद की सुनवाई में कोर्ट ने ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था।
यह भी पढ़ें- सतबारी भूमि सीमांकन मामला: दिल्ली सरकार और DDA को हाई कोर्ट का अल्टीमेटम, 6 हफ्ते में निपटाना होगा काम
यह भी पढ़ें- दिल्ली में मंगोलपुरी से सुल्तानपुरी तक छापामारी, जुआ खेलते 12 लोगों को दबोचा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।