विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

4 महीने की उम्र में पिता ने छोड़ा, घर चलाने के लिए चुना अभिनय, आज रियलिटी शो से फिल्मों तक Farrhana Bhatt का जलवा

By Priyanka SinghEdited By: Ekta Gupta
Updated: Fri, 21 Aug 2026 04:30 PM (GMT+05:30)

बिग बॉस 19 से लाइमलाइट में आने वाली एक्ट्रेस फरहाना भट्ट (Farhana Bhatt) ने दैनिक जागरण से खास बातचीत में खतरों के खिलाड़ी 15, रोहित शेट्टी के साथ फिल्म करने और अपने अपकमिंग प्लान के बारे में बात की।

'खतरों के खिलाड़ी 15' में नजर आ रही हैं फरहाना भट्ट

'खतरों के खिलाड़ी 15' में नजर आ रही हैं फरहाना भट्ट

HighLights

  1. 'खतरों के खिलाड़ी 15' में नजर आ रही हैं फरहाना भट्ट

  2. घर चलाने के लिए एक्ट्रेस ने छोड़ा था घर

  3. 'लैला मजनूं' में खुद की एक्टिंग लगी खराब

प्रियंका सिंह,  मुंबई। इन दिनों शो खतरों के खिलाड़ी 15 में भाग ले रही अभिनेत्री और जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में पैदा हुईं फरहाना भट्ट (Farrhana Bhatt) का जीवन काफी संघर्षमय रहा है। वह केवल चार माह की थीं, जब उनके पिता ने परिवार को छोड़ दिया था। ऐसे में ढेर सारी चुनौतियों के बीच उनकी मां ने उनका पालन-पोषण किया। फरहाना को पहचान मिली रियलिटी शो बिग बास 19 से। माडलिंग के साथ ही फिल्मों में काम कर चुकीं फरहाना से विभिन्न मुद्दों पर बात की प्रियंका सिंह ने...

बिग बॉस 19 के बाद 'खतरों के खिलाड़ी' में फरहाना

रियलिटी शो बिग बास 19 के बाद अभिनेत्री फरहाना भट्ट ने सोचा था कि वह रियलिटी शो नहीं करेंगी। वह नहीं चाहती थीं कि उन पर केवल रियलिटी शो का टैग लगे, लेकिन फिर उन्होंने कलर्स चैनल के शो खतरों के खिलाड़ी 15 में हिस्सा ले लिया, जहां वह कमाल के स्टंट कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- Bigg Boss 20 में होगी श्रेया कालरा की एंट्री? सलमान खान के रियलिटी शो पर 'लॉक अप' विनर का शॉकिंग बयान

फिल्में करना चाहती हैं फरहाना

फरहाना (Farhana Bhatt) कहती हैं कि मैं जब-जब कहती हूं कि यह मेरा आखिरी रियलिटी शो होगा तो पता नहीं कैसे मैं फिर एक रियलिटी शो में फंस जाती हूं। हालांकि, अब मुझे भी लग रहा है कि यह मेरा आखिरी रियलिटी शो होगा। इसके बाद अभिनय पर ध्यान देना है। मैं डांस और वर्कआउट पर भी खूब ध्यान दे रही हूं।

farhana (1)

खतरों के खिलाड़ी शो करने के दौरान समझ आया कि जिम जाना कितना जरूरी है। कारण, हर स्टंट करने के बाद शरीर में बहुत दर्द होता था। मुझे अब अपनी शारीरिक और मानसिक सेहत पर ध्यान देना है। दिमाग को सेहतमंद रखना इसलिए जरूरी है, क्योंकि जीवन में भी आपको आखिरी पल तक पता नहीं होता है कि आप किन-किन चीजों से निपट रहे होते हैं। मुझे लगता है कि हर किसी को पहले खुद पर ध्यान देना चाहिए।

खतरों के खिलाड़ी में किया डर का सामना

खतरों के खिलाड़ी 15 (Khatron Ke Khiladi 15) करने का कारण बताते हुए फरहाना कहती हैं कि अच्छा हुआ मैंने इसे करने का निर्णय लिया। मुझे अब तक पता भी नहीं था कि मुझे किन-किन चीजों से डर लगता है। मैंने अपने हर डर का सामना इसमें किया है। मेरे दिमाग में एक बात बहुत स्पष्ट थी कि यह अनुभव जीवन में एक ही बार मिलेगा, अगर आप डर पर जीत पा लेंगे तो आपको कुछ नहीं होगा।

farhana (2)

वैसे भी शो पर सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाता है। इस शो से बाहर अगर कोई मेरे सामने मगरमच्छ लाकर रख दे तो मैं वहां से कोसों दूर भाग जाऊंगी, लेकिन शो में आपके पास उसे छूने का मौका होता है। आप रस्सी से बंधे हुए होते हैं, ऐसे में कितनी भी ऊंचाई से कूदते वक्त आपको पता है कि गिरेंगे नहीं। इस शो के दौरान मुझे खुद को जानने का मौका मिला है।

शो के होस्ट रोहित शेट्टी के साथ फरहाना फिल्म सिंघम अगेन में काम कर चुकी हैं। रोहित अपनी फिल्मों के कलाकारों को अक्सर अपनी अगली फिल्मों में भी रिपीट करते हैं। ऐसे में क्या फरहाना ने दोबारा उनके साथ काम करने की इच्छा जताई?

इस पर वह कहती हैं कि रोहित सर ऐसे व्यक्ति हैं कि अगर मैं उनके दिए रोल में फिट नहीं हो रही हो रही हूं तो वह मुझे नहीं लेंगे। उन्होंने इस शो के दौरान सबसे कहा भी कि मैंने उनकी फिल्म में काम किया है। मेरी तमन्ना है कि मैं उनके साथ फिर से काम करूं, लेकिन जब तक उन्हें नहीं लगेगा कि किसी रोल के लिए उन्हें मेरी जरुरत है, वह नहीं कहेंगे।

मुझमें भी वह आदत नहीं है कि मैं जाकर कहूं कि मुझे आपके साथ काम करना है और कृपया मुझे अपनी फिल्म में लें। उन्हें लगेगा कि मेरे लिए कोई रोल है तो वह अवश्य देंगे, इतना मुझे उन पर यकीन है। इस शो को करते वक्त उनके साथ बहुत मजा आया। वह कमाल के होस्ट हैं।

farhana (3)

वह अपने शो के हर स्टंट पर बारीकी से नजर रखते हैं। उनकी कोशिश यही होती है कि जो भी स्टंट दर्शक देख रहे हैं, उसे देखने में उनका समय बर्बाद नहीं होना चाहिए। वह उन लोगों के साथ सख्त भी हो जाते हैं, जो स्टंट्स को हल्के में लेते हैं या उसे करने की कोशिश ही नहीं करते हैं।

फरहाना फिल्म लैला मजनू का भी हिस्सा रही हैं, जिसे री-रिलीज पर दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। क्या इसका फायदा फरहाना को भी मिला?

इस पर वह कहती हैं कि मैं उस फिल्म में अपनी कमियां जानती हूं। मैंने उसमें बहुत खराब अभिनय किया था। वह मेरी जिंदगी का सबसे पहला एक्टिंग प्रोजेक्ट था, जिससे इम्तियाज अली (Imtiaz Ali) जुड़े थे। मुझे अभिनय के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। एक सीन में मुझे रोने के लिए कहा गया था, मैं बहुत कोशिश कर रही थी, लेकिन रो ही नहीं पा रही थी।

आज उस फिल्म में खुद को देखकर बहुत हसंती हूं। खैर, अनुभव आपको सिखाते ही हैं। फिल्म के निर्देशक साजिद अली ने उसी दौरान मुझसे कहा था कि तुम थिएटर करना शुरू करो, अभिनय के क्षेत्र में बहुत आगे तक जाओगी। तब मैंने उनकी बातों को बहुत गंभीरता से नहीं लिया था, क्योंकि मुझे अपना घर चलाना था। मैं अभिनय करने को लेकर उतनी जुनूनी नहीं थी।

मुझे उस वक्त अपना घर चलाने के लिए पैसे चाहिए थे। मैं थिएटर करने की बात एक कान से सुनकर दूसरे कान से निकाल देती थी। जब अभिनय करने में मजा आने लगा और देखा कि इसमें कितना पैसा है तो सोचा कि इसे अच्छे से करना चाहिए। फिर मैंने थिएटर करना शुरू कर दिया, अभिनय सीखने के लिए क्लासेज लीं।

फरहाना कहती हैं, मैं अपनी कमियां जानती हूं। इसलिए मुझे रचनात्मक आलोचनाएं बहुत पसंद हैं। जब लोग मेरी ऐसी आलोचनाएं करते हैं तो मैं उनके नजरिए से खुद को समझने की कोशिश करती हूं, नहीं तो हर व्यक्ति को यही लगता है कि वह परफेक्ट है। अगर मैं दूसरे के सकारात्मक सुझाव से बेहतर बन सकती हूं तो मैं उसकी बातें सुनती हूं और उसके अनुभवों से सीखती हूं।

यह भी पढ़ें- 24 साल बाद छोटे पर्दे पर होगी Madhuri Dixit की री-एंट्री, 'धक-धक गर्ल' के रियलिटी शो का हुआ एलान