विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

22 साल का सूखा खत्म, मोहन बगान को रौंदकर ईस्ट बंगाल ने जीता डूरंड कप; एडमंड की शानदार हैट्रिक

Updated: Sun, 23 Aug 2026 08:30 PM (IST)

ईस्ट बंगाल ने 22 साल बाद मोहन बगान सुपर जायंट को 4-1 से हराकर डूरंड कप का खिताब जीता। एडमंड लालरिंडिका ने शानदार हैट्रिक लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई, जिससे यह उनका 17वां खिताब बन गया।

ईस्ट बंगाल एफसी

ईस्ट बंगाल एफसी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। ईस्ट बंगाल ने चिर प्रतिद्वंद्वी मोहन बगान सुपर जायंट को 4-1 गोल से हराकर डूरंड कप पर 22 साल बाद कब्जा जमाया। रविवार को खचाखच भरे साल्टलेक स्टेडियम में हुए खिताबी मुकाबले में ईस्ट बंगाल की जीत के नायक एडमंड लालरिंडिका रहे, जिन्होंने पहले हाफ में ही तीन गोल दागकर मोहन बगान को पूरी तरह बैकफुट पर ला दिया।

बिपिन सिंह ने 10वें मिनट में ईस्ट बंगाल का खाता खोला। इसके दो मिनट बाद ही एडमंड ने गोल कर बढ़त 2-0 कर दी। 22वें मिनट में उन्होंने अपना दूसरा गोल दागा। 33वें मिनट में मनवीर सिंह ने मोहन बगान की ओर से गोल कर अंतर 3-1 किया, लेकिन पहले हाफ की समाप्ति से ठीक पहले 44वें मिनट में एडमंड ने गोल की हैट्रिक कर ईस्ट बंगाल को 4-1 की बढ़त दिला दी।

पहले हाफ में मोहन बगान ने किए कई प्रयास

मोहन बगान ने पहले हाफ में बॉल पर अधिक कब्जा रखा और गोल के ज्यादा प्रयास भी किए, लेकिन ईस्ट बंगाल के जवाबी हमलों के आगे उसकी रणनीति बेअसर रही। दूसरे हाफ में भी मोहन बगान ने बाल पर अधिक नियंत्रण बनाए रखा और लगातार हमले किए, लेकिन ईस्ट बंगाल की रक्षापंक्ति को भेद नहीं पाया।

ईस्ट बंगाल ने 22 साल बाद जमाया ट्रॉफी पर कब्जा

ईस्ट बंगाल ने भी कुछ अच्छे मौके बनाए, लेकिन दूसरे हाफ में कोई गोल नहीं कर पाई। आखिरकार 4-1 की जीत के साथ ईस्ट बंगाल ने 22 साल बाद डूरंड कप की ट्राफी उठाई। मैच के अंतिम क्षणों में एक दिलचस्प वाकया हुआ। मैच समाप्त होने से कुछ क्षण पहले रेफरी द्वारा बजाई गई सीटी को ईस्ट बंगाल के समर्थकों ने फाइनल सीटी समझ लिया, जिसके बाद दर्शक दीर्घा में पटाखे चलने लगे। ईस्ट बंगाल ने 17वीं बार यह खिताब जीता है। इस जीत के साथ वह टूर्नामेंट के 139 साल के इतिहास में सबसे अधिक खिताब जीतने वाली टीम के रूप में मोहन बागान के बराबर पहुंच गया।

यह भी पढ़ें- 100 रुपये में JFC की डील, अब कोच और खिलाड़ियों ने खोला मोर्चा; क्लब प्रबंधन से मांगी NOC

यह भी पढ़ें- Lionel Messi के गोल-असिस्ट के बाद भी इंटर मियामी ने खेला ड्रॉ, यूनियन ने झेला तगड़ा नुकसान