इंफेंटिनो को मिला छह अरब देशों का समर्थन, शादी के बाद ट्रेनिंग पर लौटे रोनाल्डो
फीफा विश्व कप में निजी निवेशक लाने की योजना बुरी तरह से नाकाम होने के बाद गद्दी बचाने की कोशिशों में लगे फीफा के अध्यक्ष जियानी इंफेंटिनो को अरब के छह फुटबॉल महासंघों का समर्थन मिला है।
-1786726517858_m.webp)
क्रिस्टियानो रोनाल्डो
एपी, दोहा। फीफा विश्व कप में निजी निवेशक लाने की योजना बुरी तरह से नाकाम होने के बाद गद्दी बचाने की कोशिशों में लगे फीफा के अध्यक्ष जियानी इंफेंटिनो को अरब के छह फुटबॉल महासंघों का समर्थन मिला है। साल 2030 के फीफा विश्व कप के मेजबान मोरक्को समेत कतर, मिस्र, मारितानिया, लेबनान और सूडान ने इंफेंटिनो को पूरा समर्थन देते हुए उनमें पूर्ण विश्वास जताया है। इन महासंघों के अध्यक्षों में चार ऐसे भी हैं जो मौजूदा फीफा काउंसिल के सदस्य हैं।
इन महासंघों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि हम, अपने-अपने फुटबॉल महासंघों के हस्ताक्षरकर्ता नेता, फीफा अध्यक्ष जियानी इंफेंटिनो का पूरा समर्थन करते हैं और उनके नेतृत्व तथा दुनिया भर में फुटबॉल के विकास के प्रति उनकी लगातार प्रतिबद्धता में अपना भरोसा फिर से जताते हैं। हम दुनिया भर में फुटबॉल को आगे बढ़ाने, सभी क्षेत्रों में अवसर बढ़ाने और लोगों तथा समुदायों को एक साथ लाने में खेल की भूमिका को मजबूत करने के लिए श्री इंफेंटिनो के लगातार प्रयासों की बहुत सराहना करते हैं।
दरअसल फीफा विश्व कप में निजी निवेश लाने की इंफेंटिनो की योजना का जोरदार विरोध हुआ था। यूरोप समेत तमाम महाद्वीपों की फुटबॉल को चलाने वाली संस्थाओं के पुरजोर विरोध के चलते इंफेंटिनो को अपनी महत्वाकांक्षी योजना वापस लेनी पड़ी, लेकिन ये महासंघ इतने से संतुष्ट नहीं हैं और इंफेंटिनो को हटाने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में इंफेंटिनों के लिए समर्थन जुटाना बहुत मुश्किल होता जा रहा है। मार्च में होने वाले चुनावों के पहले इंफेंटिनो जीत के लिए जरूरी मत जुटाने की जी-तोड़ कोशिशें कर रहे हैं।
ट्रेनिंग पर लौट आए
पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपनी शादी के बाद अरब के क्लब अल-नासर के साथ ट्रेनिंग पर लौट आए हैं। रोनाल्डो ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें डालकर इसकी पुष्टि की। मंगलवार को ही रोनाल्डो ने अपनी महिला मित्र जार्जीना रोड्रिगेज के साथ विवाह की पुष्टि की थी। अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम खाते पर रोनाल्डो ने अपनी और जार्जीना की हाथों की उंगलियों में अंगूठी पहनी हुई तस्वीर डालकर दुनिया को बताया कि अब दोनों शादीशुदा हैं।
