विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'ऐब्सेंस सीजर्स' से जूझ रहे हैं मुसियाला, लगातार दो मैचों में मैदान पर गिरने के बाद फुटबॉलर ने बताया कैसी है हालत

Updated: Thu, 20 Aug 2026 11:20 AM (IST)

जर्मन फुटबॉल लीग बुंडेसलीगा में बायर्न म्यूनिख और जर्मनी के लिए खेलने वाले मिडफील्डर जमाल मुसियाला ने एक बयान जारी कर बताया है कि उन्हें स्नायुतंत्र से जुड़ी एक बीमारी है।

जमाल मुसियाला

जमाल मुसियाला

एपी, म्यूनिख। जर्मन फुटबॉल लीग बुंडेसलीगा में बायर्न म्यूनिख और जर्मनी के लिए खेलने वाले मिडफील्डर जमाल मुसियाला ने एक बयान जारी कर बताया है कि उन्हें स्नायुतंत्र से जुड़ी एक बीमारी है, हालांकि मंगलवार को चलते मैच के दौरान मैदान में लड़खड़ाकर गिरने के बाद अब वह रिकवरी कर रहे हैं और बेहतर हाल में हैं।

23 वर्षीय मुसियाला मैच के दूसरे हाफ में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान में आने के कुछ ही मिनट बाद गिर पड़े थे। मुसियाला के गिरते ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उनके चारों तरफ घेरा बना लिया और मैदान में कुछ देर चले इलाज के बाद उन्हें सहारा देकर बाहर ले जाया गया।

इससे पहले वह शनिवार को भी एक चलते मैच में मैदान में गिर पड़े थे। मुसियाला खुद चलकर मैदान से बाहर गए लेकिन इस दौरान वह सामान्य नहीं लग रहे थे। मंगलवार की घटना के बाद मुसियाला ने इंटरनेट मीडिया इंस्टाग्राम पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें तंत्रिका तंत्र से जुड़ी एक बीमारी के चलते अस्थायी लेकिन आसानी से इलाज के योग्य ऐब्सेंस सीजर्स की समस्या है।

मुसियाला के मुताबिक इसके चलते उनके साथ ऐसी घटनाएं घट सकती हैं लेकिन इससे कोई और खतरा नहीं है। मुसियाला ने ये भी कहा कि वह विशेषज्ञों से बातचीत कर रहे हैं और इस बीमारी से लड़ते हुए रोजमर्रा की जिंदगी जीना और फुटबाल खेलते रहना चाहते हैं।

ऐब्सेंस सीजर क्या है

एब्सेंस सीजर को एक तरह से मिर्गी के दौरे कह सकते हैं, इसमें व्यक्ति का ध्यान कुछ पल के लिए भटक जाता है। ऐसा होने पर व्यक्ति अचानक से जो भी काम कर रहा हो उसे रोक देता है, 10 से 20 सेकेंड तक शून्य में घूरता रहता है और फिर बिना उस घटना को याद रखे जल्दी ही सामान्य स्थिति में लौट आता है।