चरखी दादरी में ट्रालों की टक्कर से मैकेनिक की मौत, ड्राइवर गंभीर रूप से घायल
चरखी दादरी के महेंद्रगढ़ चौक स्थित ऑटो मार्केट में दो ट्रालों की टक्कर में एक मोटर मैकेनिक की मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
-1791494457327_m.webp)
ट्रालों की टक्कर से मैकेनिक की मौत। सांकेतिक फोटो
HighLights
चरखी दादरी में महेंद्रगढ़ चौक पर ट्रालों की टक्कर।
मोटर मैकेनिक मनोज कुमार की दर्दनाक मौत हुई।
टक्कर मारने वाला ट्राला चालक मौके से फरार।
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। शहर के महेंद्रगढ़ चौक स्थित आटो मार्केट में वीरवार दोपहर बाद मिस्त्री के पास खड़े एक ट्राला को पीछे से दूसरे ट्राला ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे मोटर मैकेनिक की मौत हो गई जबकि उसके पास खड़े चालक की मौत हो गई। वहीं, टक्कर मारने वाला चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले में आगामी कार्रवाई में जुटी है। मृतक की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के खुडाना निवासी करीब 42 वर्षीय मनोज कुमार के रूप में हुई है।
सिविल अस्पताल पहुंचे आटो मार्केट के लोगों ने बताया कि मनोज करीब 25 सालों से महेंद्रगढ़ चौक पर मोटर-मैकेनिक की दुकान चलाता था। वीरवार दोपर बाद करीब तीन बजे वह एक ट्राला के ब्रेक चैक कर रहा था और ट्राला का चालक भी वहीं खड़ा था। इसी दौरान पीछे से एक तेज रफ्तार ट्राला आया और उसने दुकाने के आगे साइड में खड़े ट्राला को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे आगे खड़ा ट्राला मनोज के पेट के उपर से निकल गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं, उसके पास खड़े ट्राला चालक को भी चोटें आई। घटना के तुरंत बाद आटो मार्केट के लोगों ने दोनों घायलों को संभाला और सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां मनोज को मृत घोषित कर दिया जबकि चालक को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआइ रेफर किया गया है।
सूचना मिलने पर सिटी पुलिस थाना टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, शव को शवगृह में रखवाया गया है जहां कागजी कार्यवाही के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। स्वजनों ने बताया कि मृतक शादीशुदा था और वह दो लड़कियों व एक लड़के का पिता था।
