फरीदाबाद: सिंगापुर बेस्ड COO पर 16 गोलियां बरसाने वाला मोनू शर्मा अरेस्ट, कुत्ते को लेकर हुआ था विवाद
फरीदाबाद में पार्किंग में कुत्ते को शौच कराने को लेकर हुए विवाद में एक पड़ोसी ने सिंगापुर बेस्ड कंपनी के सीओओ परमजीत धनखड़ की नौ गोलियां मारकर हत्या कर दी।
-1794055185277_m.webp)
आरोपी और मृतक की फाइल फोटो। बाएं से दाएं
HighLights
पार्किंग में कुत्ते के शौच पर विवाद से शुरू हुआ झगड़ा।
सिंगापुर बेस्ड कंपनी के सीओओ परमजीत धनखड़ की हत्या।
आरोपी पड़ोसी मोनू शर्मा ने दो पिस्तौल से चलाईं गोलियां।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। पार्किंग में कुत्ते को शौच कराने पर आपत्ति जताने को लेकर शुरू हुए विवाद में सेक्टर-21सी में पड़ोसी ने नौ गोलियां मारकर युवक की हत्या कर दी। मृतक परमजीत धनखड़ मूलरूप से हिसार के गांव रावलवास खुर्द के रहने वाले थे।
सिंगापुर बेस्ड एफटीपी साफ्टवेयर कंपनी में सीओओ (चीफ आपरेटिंग आफिसर) के पद पर थे। दो दिन पहले ही वे सिंगापुर से लौटे थे। हत्या का आरोप तीसरे फ्लोर पर रहने वाले मोहन उर्फ मोनू शर्मा पर है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
उसके पास दो लाइसेंसी पिस्टल हैं। मोनू ने दोनों हाथों में पिस्टल लेकर 16 गोलियां चलाईं, इनमें से नौ गोली परमजीत को लगीं। आरोपित ने परमजीत के बेटे शौर्य पर भी गोलियां चलाई, उसने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई।
दोस्त गजराज ने क्या बताया?
परमजीत के दोस्त गजराज ने बताया कि परमजीत सेक्टर-21सी मकान नंबर 641 में प्रथम तल पर परिवार सहित रहते थे। इसी मकान में तीसरे फ्लाेर पर मोनू परिवार के साथ रहता है। मकान में दोनों की अलग-अलग पार्किंग हैं, इसके बावजूद मोनू परमजीत की पार्किंग में अपनी कार खड़ी कर देता था।
इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार कहासुनी हुई। करीब दो महीने पहले मोनू ने जर्मन शेफर्ड कुत्ता खरीदा था। मोनू का घरेलू सहायक कभी लिफ्ट तो कभी परमजीत की पार्किंग में कुत्ते को शौच करा देता था। इस बात को लेकर कई बार मोनू को टोका गया था।
शनिवार सुबह भी इसी को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्ष पुलिस चौकी गए, वहां समझौता हो गया। रात करीब नौ बजे मोनू ने परमजीत को बात करने की कहकर नीचे बुलाया। परमजीत बेटे शौर्य के साथ पार्किंग में पहुंचा। मोनू ने पहले परमजीत से बात की। इसके बाद पीछे हटकर दो पिस्टल निकाल ली।
दोनों हाथ में पिस्टल लेकर चलाई थी गोली
दोनों हाथों में पिस्टल लेकर उसने परमजीत पर गोलियां चला दीं। परमजीत भागने लगे तो पीछा कर गोलियां चलाईं। आरोपित ने शौर्य पर भी गोलियां चलाई। परमजीत की मौके पर ही मौत हो गई। मोनू परिवार सहित मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस ने शौर्य की शिकायत पर मोनू और उसके भाई सोनू पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद ने बताया कि माेनू जीएसटी चोरी के आरोप में जेल जा चुका है। डबुआ थाने में उसके खिलाफ मारपीट का भी मुकदमा दर्ज है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।