विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में अवैध रूप से पेड़ काटने वालों पर गिरी गाज, केस दर्ज, पुलिस ने ठेकेदार को दबोचा

Published: Mon, 23 Nov 2026 01:32 AM (GMT+05:30)

फरीदाबाद के अल्लीपुर शिकारगाह वन क्षेत्र में अवैध पेड़ कटाई मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज हुआ है और ठेकेदार खुर्शीद को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अल्लीपुर शिकारगाह में अवैध पेड़ कटाई मामले में गिरफ्तारी ( फोटो स्रोत : जागरण)

अल्लीपुर शिकारगाह में अवैध पेड़ कटाई मामले में गिरफ्तारी ( फोटो स्रोत : जागरण)

HighLights

  1. अल्लीपुर शिकारगाह में अवैध पेड़ कटाई पर पुलिस कार्रवाई।

  2. वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज हुआ।

  3. पेड़ कटाई के ठेकेदार खुर्शीद को पुलिस ने पकड़ा।

प्रवीण कौशिक, फरीदाबाद। फरीदाबाद के अल्लीपुर शिकारगाह के आरक्षित वन क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में अब पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भूपानी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, कटाई के काम से जुड़े ठेकेदार खुर्शीद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस कर रही आरोपियों की भूमिका की जांच

इससे पहले मामले में तत्कालीन जिला वन्य अधिकारी (डीएफओ) झलकर उयाके समेत चार अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित किया गया था। अब पुलिस आरोपितों की भूमिका और लकड़ी के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच करेगी।

अल्लीपुर शिकारगाह गांव के पास यमुना किनारे स्थित आरक्षित वन क्षेत्र में केंद्र सरकार की कैंपा योजना के तहत पौधारोपण के लिए जमीन तैयार की जानी थी। इसके लिए नियमानुसार केवल झाड़ियों और छोटी वनस्पतियों की छंटाई होनी थी।

आरोप है कि इसकी आड़ में विलायती कीकर, शीशम और नीम सहित अन्य प्रजातियों के बड़े पेड़ काट दिए गए। प्रारंभिक गिनती में करीब 2400 पेड़ों की कटाई सामने आई है।

डीएफओ को किया गया निलंबित

जांच में सामने आया कि काटी गई लकड़ी को ट्रकों में भरकर नूंह जिले की पुन्हाना मंडी तक पहुंचाया गया। वन विभाग की टीमों ने वहां कार्रवाई कर लकड़ी बरामद की थी। 15 नवंबर तक करीब 2724 क्विंटल लकड़ी बरामद होने की जानकारी सामने आई थी।

चार आरा मशीनों को सील करने और लकड़ी से लदे वाहनों को कब्जे में लेने की कार्रवाई भी की गई।
मामले में पहले रेंज अधिकारी अफजल खान और फारेस्टर अंकित व संदीप को निलंबित किया गया था। इसके बाद डीएफओ झलकर उयाके को भी निलंबित किया गया।

अब एफआइआर और ठेकेदार की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटेगी कि पेड़ कटवाने का आदेश किसने दिया, लकड़ी कहां-कहां बेची गई और इस पूरे मामले में किन लोगों की भूमिका रही।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में गंदगी फैलाने वालों को मिलेगा कड़ा सबक, नगर निगम का पूरा प्लान तैयार, अधिकारियों को मिला ये निर्देश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।