शहरीकरण ने छीने खाली भूखंड, ग्रेटर फरीदाबाद में घरों में बन रहे छठ घाट
बढ़ते शहरीकरण के कारण ग्रेटर फरीदाबाद में खाली भूखंडों और सामुदायिक स्थलों की कमी हो गई है, जिससे छठ महापर्व के लिए घाट नहीं मिल पा रहे हैं।

शहरीकरण ने छीने खाली भूखंड, ग्रेटर फरीदाबाद में घरों में बन रहे छठ घाट ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
ग्रेटर फरीदाबाद में शहरीकरण से खाली भूखंडों की कमी।
छठ महापर्व के लिए सामुदायिक घाटों का अभाव।
लोग घरों और छतों पर बना रहे अस्थायी पनघट।
सुधीर बैसला, फरीदाबाद। बढ़ते शहरीकरण के कारण अब खाली भूखंड दिखाई नहीं पड़ते। एक दशक में कुछ ऐसा ही नजारा ग्रेटर फरीदाबाद (ग्रेफ) में दिखाई पड़ता है।
सेक्टर-75 से सेक्टर-89 तक बीपीटीपी के अधीन वाले इन 15 सेक्टरों में बहुमंजिला इमारत और गेटेड सोसायटी तो बनीं लेकिन न पार्क विकसित किए, न सामुदायिक स्थल छोड़े।
इस वजह से उदास हो जाते पूर्वांचली समाज के लोग
हर साल जैसे ही छठ महापर्व का महीना नजदीक आता है, तब ग्रेफ में रहने वाले असंख्य पूर्वांचली समाज के लोग छठ घाट की कमी के कारण उदास दिखाई देते हैं।
छठ घाट न होने के कारण मजबूरी में अनेक लोग अपने फ्लैट में प्लास्टिक के पूल और छत पर छठ पूजन के लिए छोटे टब या होदी बनाकर पूजन-अर्चन कर रहे हैं। बीपीटीपी के सेक्टर-76 इलिट फ्लोर्स में बड़ी संख्या में पूर्वांचली समाज के लोग निवास करते हैं।
इन्होंने एक फ्लैट की सेकेंड फ्लोर की छत पर पानी की होदी बना रखी है। छठ पूजन से पहले हर वर्ष इस होदी की साफ सफाई, लिपाई-पुताई करते हैं।
इस तरह से कर रहे छठ पूजा
होदी में स्वच्छ पानी भरकर फिर संपूर्ण छठ पूजा की जाती है। ग्रेफ में अकेले ये लोग नहीं बल्कि सभी 15 सेक्टरों में इसी तरह अनेक श्रद्धालु अपने फ्लैट के अंदर और छतों पर छठ घाट (पनघट) बनाकर पूजन करते हैं।
बीपीटीपी ने 15 रिहायशी सेक्टर विकसित किए, उसे बिना पार्क और सामुदायिक स्थलों के टाउन एंड कंट्री प्लानिंग को स्वीकृत नहीं करना था। इतने बड़ी टाउनशिप में लोग आखिर बिना पार्क व सामुदायिक स्थलों के कैसे रह सकते हैं।
घरों में कैद लोगों में मनोविकार पैदा हो रहे हैं। बच्चों के पास लिए खेल के मैदान नहीं हैं। यह सीधे तौर पर योजना निर्माताओं और उसे स्वीकृत करने वालों की नाकामी है। पूर्वांचली समाज के हजारों लोग छठ पूजन के समय इस खामी का खामियाजा भुगतते हैं।-- रामेश्वर भक्ता, सेवानिवृत्त अधिकारी, विदेश विभाग, भारत सरकार
छठ पूजन एक बड़ा पर्व है। यह परिवार, समाज व देश की खुशहाली के लिए मिलकर मनाया जाने वाला पर्व है। सामुदायिक छठ घाटों की कमी के कारण अब लोग एक परिवार की तरह इस पर्व को मनाने के लिए मजबूर हैं।-- नीलेश वर्मा, एजीएम, एसबीआइ बैंक
यह भी पढ़ें- बल्लभगढ़ और फरीदाबाद में प्रदूषण का स्तर कम, लोगों ने ली राहत की सांस