विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भूस्खलन की तबाही से बचेगी दुनिया, खतरे से पहले मिलेगा अलर्ट; फरीदाबाद में जुटे 75 देशों के वैज्ञानिक

Published: Mon, 23 Nov 2026 05:13 PM (GMT+05:30)

फरीदाबाद में सातवें विश्व भूस्खलन मंच का आयोजन हुआ, जिसमें 75 देशों के विशेषज्ञ भूस्खलन से बचाव और जोखिम कम करने की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। 

सातवें विश्व भूस्खलन मंच का शुभारंभ के मौके पर मॉडल को देखते केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह। फोटो: जागरण

सातवें विश्व भूस्खलन मंच का शुभारंभ के मौके पर मॉडल को देखते केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह। फोटो: जागरण

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव, समय रहते चेतावनी और जोखिम कम करने की रणनीति तैयार करने के लिए फरीदाबाद में दुनिया के 75 देशों के विशेषज्ञ जुटे हैं।

अमृता विश्व विद्यापीठम की मेजबानी में सातवें विश्व भूस्खलन मंच का आयोजन हो रहा है। यहां 700 से अधिक शोधपत्र और सार प्राप्त हुए हैं। भूस्खलन से बचाव के लिए प्रस्तावित फरीदाबाद घोषणा-पत्र भी विचारार्थ प्रस्तुत किया गया है।

75 देशों के विशेषज्ञ मिलकर बनाएंगे रणनीति

फरीदाबाद में सोमवार को सातवें विश्व भूस्खलन मंच का शुभारंभ हुआ। भारत और दक्षिण एशिया में पहली बार आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच में दुनिया के 75 देशों के विशेषज्ञ भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदा से निपटने के उपायों पर चर्चा कर रहे हैं।

अमृता विश्व विद्यापीठम के परिसर में आयोजित इस मंच को केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने संबोधित किया। आयोजन में 700 से अधिक शोधपत्र और सार प्राप्त हुए हैं। यहां भूस्खलन की पूर्व चेतावनी, आधुनिक तकनीक, जोखिम आकलन और सुरक्षित निर्माण जैसे विषयों पर मंथन किया जा रहा है।

भूस्खलन से बचाव के लिए प्रस्तावित फरीदाबाद घोषणा-पत्र भी उद्घाटन दिवस पर विचारार्थ प्रस्तुत किया गया। इस मंच का उद्देश्य भूस्खलन के जोखिम को कम करने और सुरक्षित एवं आपदा-सहनीय समुदाय तैयार करने के लिए वैश्विक स्तर पर रणनीति विकसित करना है।

आपदा के बाद नहीं, पहले तैयारी पर जोर

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत भूस्खलन के जोखिम से निपटने के लिए लगातार अपनी रणनीति मजबूत कर रहा है। अब आपदा आने के बाद कार्रवाई करने के बजाय रोकथाम, पूर्वानुमान और पहले से तैयारी करने पर निवेश किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हिमालय और पूर्वोत्तर से लेकर पश्चिमी घाट तक देश की भौगोलिक परिस्थितियां अलग-अलग हैं। ऐसे में लगातार शोध और विभिन्न संस्थानों के बीच समन्वय जरूरी है।

भूस्खलन संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और पूर्वानुमान का दायरा बढ़ाया जा रहा है। बेहतर डेटाबेस तैयार करने के साथ भू-स्थानिक तकनीक, उपग्रहों, सेंसर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से जोखिम का आकलन अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

मुन्नार से सिक्किम तक विकसित की तकनीक

अमृता विश्व विद्यापीठम ने वर्ष 2006 में भूस्खलन अनुसंधान शुरू किया था। विश्वविद्यालय ने केरल के मुन्नार में भूस्खलन की पूर्व चेतावनी के लिए वायरलेस सेंसर नेटवर्क विकसित किया। इसके बाद सिक्किम में एआई आधारित निगरानी तकनीक का विस्तार किया गया।

इस अनुभव के आधार पर मंच में भूस्खलन की निगरानी, समय रहते चेतावनी देने और जोखिम कम करने के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर चर्चा हो रही है।

27 नवंबर तक चलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच

मंच की अध्यक्ष और अमृता विश्व विद्यापीठम की प्रो-वाइस चांसलर डॉ. मनीषा विनोदिनी रमेश तथा अंतरराष्ट्रीय भूस्खलन संघ के अध्यक्ष प्रो. जेल्को अर्बानास ने प्रतिनिधियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीनिवास कुमार तुम्माला, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्ण एस. वत्सा और भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के महानिदेशक दिनेश विट्ठलराव गनवीर भी शामिल हुए।

अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों में यूनेस्को की आपदा जोखिम न्यूनीकरण इकाई के प्रमुख डॉ. सोइचिरो यासुकावा समेत विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञ मौजूद रहे।

सुरक्षित एवं आपदा-सहनीय समुदायों के लिए भूस्खलन विज्ञान और व्यवहार विषय पर आयोजित यह मंच 27 नवंबर तक चलेगा। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी भी मंच को संबोधित करेंगे।

यह भी पढ़ें- 'लग गया 93 हजार का चूना...', फरीदाबाद में साइबर ठगी का खुलासा, 7 आरोपी सलाखों के पीछे, जांच जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।