इस बार 1 फरवरी से नहीं शुरू होगा सूरजकुंड शिल्प मेला, शेड्यूल में हुआ बदलाव; नोट कर लें नई तारीख
फरीदाबाद में 5 से 21 फरवरी तक 40वां सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला आयोजित होगा। हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित यह 'आत्मनिर्भर शिल्प मेला' भारत और विदेशों की विविध कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को प्रदर्शित करेगा।

फरीदाबाद में 40वें सूरजकुंड मेला की तारीखों का एलान। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सूरजकुंड मेला परिसर में हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से फरवरी में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
इस बार पांच से 21 फरवरी तक मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले के थीम स्टेट और पार्टनर कंट्री की भी जल्द घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है। इस बार दो थीम स्टेट हो सकते हैं।
अरावली की वादियों में 1987 से मेले की शुरुआत हुई थी। कोरोना काल को छोड़कर हर वर्ष मेले का आयोजन किया जाता है। देश-विदेश के कलाकारों और उनकी संस्कृति से दर्शकों को रूबरू होने का अवसर मिलता है।
इस बार फरवरी महीने में मेले का 40वां संस्करण आयोजित किया जाना है। पहले सूरजकुंड मेले का आयोजन हर बार एक से 15 फरवरी तक किया जाता था, इस बार तारीखों में बदलाव करते हुए आयोजन की तारीख आगे बढ़ा दी गई है।

पांच से 21 फरवरी तक होगा आयोजन
अधिकारियों के अनुसार मेले की तारीख फरवरी महीने के पहले वीकेंड के हिसाब से ही तय की जाती है। इस बार फरवरी महीने के पहले सप्ताह का शुक्रवार पांच फरवरी है।
इसलिए मेले का आयोजन पांच फरवरी से शुरू होना तय किया गया है। मेला 21 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। हरियाणा टूरिज्म की तरफ से मेले की तारीखों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है।

कला और संस्कृति की दिखेगी अनूठी झलक
अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेले में इस बार अलग-अलग देशों की समृद्ध कला, संस्कृति और पारंपरिक विरासत की अनूठी झलक देखने को मिलेगी।
मेले में देश के विभिन्न राज्यों के शिल्पकार अपनी पारंपरिक कलाकृतियों, हस्तशिल्प और लोककलाओं के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करेंगे। इसके साथ ही विदेशी कलाकारों और शिल्पकारों की भागीदारी मेले को अंतरराष्ट्रीय रंग देगी।
मेले में आने वाले पर्यटकों को अलग-अलग राज्यों की लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, हस्तनिर्मित उत्पादों और कलात्मक शिल्प से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
कहीं लोकनृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र बनेंगी तो कहीं पारंपरिक हस्तकला और शिल्पकृतियां लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेंगी। विभिन्न क्षेत्रों के खानपान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भी भारत की विविधता को करीब से देखने का मौका मिलेगा।
मेले का उद्देश्य केवल हस्तशिल्प और उत्पादों की बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय कारीगरों, कलाकारों और शिल्पकारों को मंच प्रदान करना भी है। इससे पारंपरिक कलाओं को नई पहचान मिलेगी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। देश-विदेश की संस्कृतियों का यह संगम पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान का भी माध्यम बनेगा। मेले की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
- हरविंदर यादव, एजीएम, हरियाणा पर्यटन विभाग।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद: भांकरी के कचरे में आग से फैला जहरीला धुआं, सैनिक कॉलोनी समेत कई इलाकों में सांस लेना दूभर