हरियाणा की पंचायतों को मिलेंगे अधिकार और बजट, CM सैनी ने रोडमैप बताकर कहा- अपनी आय भी खुद बढ़ानी होगी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम में स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में पहुंचे। इस सम्मेलन का मुख्य विषय हरियाणा में पंचायतों और नगरपालिकाओं का सशक्तिकरण और उन्हें वित्तीय रूप से सक्षम बनाना है।
-1795427608483_m.webp)
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सम्मेलन को संबोधित किया। जागरण
HighLights
सीएम नायब सैनी ने गुरुग्राम में सम्मेलन का उद्घाटन किया।
सम्मेलन का विषय पंचायतों और नगरपालिकाओं का सशक्तिकरण है।
स्थानीय निकायों को वित्तीय रूप से सक्षम बनाने पर जोर दिया गया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंचायतों और नगरपालिकाओं को केवल प्रशासनिक निकाय तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि उन्हें अधिकार, क्षमता और वित्तीय संसाधनों से युक्त स्थानीय सरकार के रूप में विकसित करना है। पंचायतों को सरकार की ओर से बजट और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, लेकिन उन्हें अपनी आय के साधन भी विकसित करने होंगे, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना होगा
महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने के लिए गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना होगा। मुख्यमंत्री सोमवार को गुरुग्राम में स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान की ओर से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन का विषय 'हरियाणा में पंचायतों और नगरपालिकाओं का सशक्तीकरण : स्थानीय निकायों से स्थानीय सरकार की ओर' रखा गया है।
संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी मजबूत होगा, जब देश की पंचायतें और शहरी निकाय सशक्त होंगे। हरियाणा तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है, इसलिए स्थानीय निकायों की कार्यप्रणाली और कार्यसंस्कृति में भी बदलाव जरूरी है।
पंचायतों के पास अपने संसाधन और आय के साधन होने चाहिए। केवल सरकारी बजट पर निर्भर रहने से आत्मनिर्भरता का लक्ष्य पूरा नहीं होगा। सम्मेलन में पंचायतों की आय बढ़ाने, वित्तीय प्रबंधन मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर संसाधनों के बेहतर उपयोग जैसे विषयों पर चर्चा की जा रही है।

स्थानीय निकायों से स्थानीय सरकार बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों को स्थानीय सरकार में बदलना सरकार का लक्ष्य है। इसके लिए तीन बातें जरूरी हैं। स्थानीय संस्थाओं के पास अधिकार हों, काम करने की क्षमता हो और अपनी आय का वित्तीय आधार भी हो।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के विचार को वर्तमान जरूरतों से जोड़ने का काम किया है। गांव विकास की आखिरी कड़ी नहीं हैं, बल्कि विकसित भारत की नींव हैं।
इसी सोच के साथ विकसित भारत 2047 के संकल्प को हरियाणा विजन 2047 के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। इसमें गांवों और पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
जनप्रतिनिधि पूरे क्षेत्र के प्रतिनिधि, सभी के लिए करें काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति को स्वास्थ्य, पानी या अन्य बुनियादी सुविधा से जुड़ी समस्या आती है तो वह सबसे पहले अपने क्षेत्र के पार्षद, मेयर, सरपंच या वार्ड पंच के पास पहुंचता है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
चुनाव जीतने के बाद कोई जनप्रतिनिधि केवल उसे वोट देने वालों का प्रतिनिधि नहीं रहता, बल्कि वह पूरे क्षेत्र और सभी लोगों का प्रतिनिधि होता है। इसलिए उसे बिना किसी भेदभाव के सभी नागरिकों के हित में काम करना चाहिए। उन्होंने ग्राम सभा को पंचायतों की कार्ययोजना का आधार बनाने पर भी जोर दिया।

भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार करें विकास का रोडमैप
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों और शहरों में आज की समस्याओं का समाधान करने के साथ आने वाले समय की जरूरतों को भी ध्यान में रखना होगा। बढ़ती आबादी के अनुसार पानी, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की योजना पहले से तैयार होनी चाहिए।
जनप्रतिनिधियों के पास स्पष्ट विजन और रोडमैप होना चाहिए कि उन्हें अपने क्षेत्र में क्या काम करना है। कई ऐसे कार्य भी होते हैं, जिन्हें बिना अतिरिक्त बजट के बेहतर प्रबंधन और इच्छाशक्ति से पूरा किया जा सकता है। पंचायतों को ऐसे कार्यों की पहचान करनी चाहिए।
पढ़ी-लिखी पंचायतों और महिला आरक्षण को बताया महत्वपूर्ण सुधार
मुख्यमंत्री ने पंचायतों में शैक्षणिक योग्यता की व्यवस्था को महत्वपूर्ण सुधार बताते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद इस दिशा में कदम उठाया गया।
इस फैसले का विरोध हुआ और मामला हाईकोर्ट से होते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, लेकिन न्यायालय ने पंचायतों के अधिकारों के तहत फैसला दिया।
उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से स्थानीय शासन में उनकी भूमिका को मजबूती मिली है।
हरियाणा को लाल डोरा मुक्त करने का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति अधिकारों से जुड़े सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि हरियाणा को लाल डोरा मुक्त करने की दिशा में सरकार ने काम किया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनकी संपत्तियों का मालिकाना हक दिलाने का रास्ता मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों को सशक्त बनाने के लिए प्रशासनिक और वित्तीय सुधारों के साथ लोगों के संपत्ति अधिकारों को भी महत्व देना होगा।

शहरों जैसी सुविधाओं वाले समृद्ध गांव बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में शिक्षा की मजबूत व्यवस्था होनी चाहिए और वहां शहरों के बराबर सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। कई मामलों में गांव शहरों से भी आगे हों, इसके लिए पंचायतों को योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा। उन्होंने दक्षिण हरियाणा में पेयजल व्यवस्था का उल्लेख करते हुए ट्यूबवेलों में नाले का पानी मिलने की समस्या पर चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि पीने के पानी की शुद्धता से समझौता नहीं किया जा सकता। जिन ट्यूबवेलों में दूषित पानी मिलने की समस्या है, उनके लिए स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के पंचायत सुधारों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने हरियाणा में पंचायतों के सुधारों का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान शुरू की गई पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए किए गए सुधारों का उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर और सक्षम बनाना है।
उन्होंने अच्छे कार्यों और सफल प्रयोगों को दूसरे क्षेत्रों में अपनाने की जरूरत भी बताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा उदाहरण तैयार करना है, जहां विश्वसनीय शहर और समृद्ध गांव विकसित हों।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में एक दिन में कटे 15986 चालान, 57.78 लाख रुपये का लगाया जुर्माना; सबसे ज्यादा केस गलत पार्किंग के
यह भी पढ़ें- ग्रेप नियमों की उड़ रहीं धज्जियां, गुरुग्राम-मानेसर में 200 पार हुआ AQI; धूल और धुएं से बढ़ा प्रदूषण
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।