विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में प्रदूषण को लेकर एक्शन में प्रशासन, अधिकारियों की बैठक, तैयार हुआ पूरा प्लान

Published: Fri, 27 Nov 2026 01:12 AM (IST)

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के अध्यक्ष ने गुरुग्राम में प्रदूषण नियंत्रण पर समीक्षा बैठक की, जिसमें पूरे जिले की वायु गुणवत्ता पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए गए।     

गुरुग्राम में प्रदूषण को लेकर एक्शन में प्रशासन (फोटो स्रोत : जागरण)

गुरुग्राम में प्रदूषण को लेकर एक्शन में प्रशासन (फोटो स्रोत : जागरण)

HighLights

  1. पूरे गुरुग्राम जिले की वायु गुणवत्ता पर अब विशेष निगरानी।

  2. प्रदूषण हॉटस्पॉट पर एआई कैमरे और ड्रोन से होगी नजर।

  3. सड़कों की धूल और कचरा प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश।

आदित्य राज, गुरुग्राम। प्रदूषण नियंत्रण के लिए तैयार किए गए एक्शन प्लान को लागू करने में हरियाणा सहित गुरुग्राम के पिछड़ने और लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने बृहस्पतिवार को गुरुग्राम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

उन्होंने गुरुग्राम और मानेसर सहित पूरे जिले में शीतकालीन कार्ययोजना पर तेजी से काम करने और प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अब प्रदूषण नियंत्रण का फोकस केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे जिले के छोटे कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों की वायु गुणवत्ता पर भी नजर रखी जाएगी। इसके लिए तकनीक और निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाएगा।

20 एआई कैमरे लगाए, 150 और लगाने की योजना

पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में बताया गया कि कचरा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी के लिए 20 एआई आधारित कैमरे लगाए जा चुके हैं, जबकि 150 अन्य कैमरे लगाने की योजना है।

इनकी मदद से खुले में कचरा, सूखी पत्तियां और अन्य अपशिष्ट जलाने की घटनाओं पर नजर रखी जाएगी। इंटरनेट मीडिया और जनशिकायतों के आधार पर गुरुग्राम में 40 प्रदूषण हॉटस्पाट चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर विशेष निगरानी की जाएगी।

ड्रोन और गतिशील पीएम 2.5 सेंसर से मिलने वाले आंकड़ों को आयोग की 13सी पवन प्रणाली से जोड़ने की योजना है, जिससे प्रदूषण के स्तर और संबंधित गतिविधियों की निगरानी हो सकेगी।

हर नगर परिषद और पालिका क्षेत्र में लगेंगे सेंसर

राजेश वर्मा ने निर्देश दिए कि एनसीआर की प्रत्येक नगर परिषद और नगर पालिका क्षेत्र में दो-दो लो कॉस्ट सेंसर लगाए जाएं, ताकि छोटे शहरों और कस्बों में भी वायु गुणवत्ता की नियमित निगरानी हो सके। गुरुग्राम जिले में सोहना और पटौदी में विशेष रूप से मोबाइल सेंसर लगाए जाएंगे।

जरूरत के अनुसार, इन सेंसर को एक स्थान से दूसरे प्रदूषण प्रभावित क्षेत्र में स्थानांतरित भी किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि दिसंबर और जनवरी में बायोमास जलाने की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था मजबूत की जाए और संवेदनशील स्थानों पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं।

सड़कों की धूल और कचरा प्रबंधन पर सख्ती

बैठक में धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सड़कों की नियमित सफाई, मशीनों से सफाई, जीर्णोद्धार, चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।

नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं को अपने क्षेत्रों में खुले स्थानों पर धूल नियंत्रण के उपाय मजबूत करने को कहा गया।

यातायात जाम वाले स्थानों की पहचान कर व्यवस्था सुगम बनाने और सड़क किनारे हरियाली बढ़ाने के लिए अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों में ग्रेप के नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए।

परिवर्तन योजना और सीएंडडी वेस्ट की भी समीक्षा

आयोग ने परिवर्तन योजना, निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) अपशिष्ट प्रबंधन और घर-घर कूड़ा उठान की समीक्षा की।

अधिकारियों को कचरे का उचित संग्रहण और निस्तारण सुनिश्चित करने, खुले में कूड़ा डालने पर रोक लगाने और छोटे कस्बों में सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट की व्यवस्था सुधारने को कहा गया। सोशल मीडिया पर मिलने वाली नागरिक शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

उज्ज्वला के सिलेंडरों की समय पर रिफिलिंग के निर्देश

सीएक्यूएम के सदस्य सचिव तरुण कुमार पिथोड़े ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलेंडरों की समय पर रिफिलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि एक सर्वे के अनुसार, पिछले 10 वर्षों में योजना के क्रियान्वयन से एनसीआर की वायु गुणवत्ता में 40 प्रतिशत तक सुधार दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ ईंधन की निरंतर उपलब्धता से परिवारों को लकड़ी और पारंपरिक ईंधन वाले चूल्हों का इस्तेमाल नहीं करना पड़ेगा। वहीं, सर्दियों में खुले में अलाव जलाने की घटनाएं रोकने के लिए पर्याप्त रैन बसेरे और उनमें हीटर की व्यवस्था करने को कहा गया।

राजेश वर्मा ने प्रदूषण नियंत्रण अभियान में आरडब्ल्यूए, बाजार संगठनों और शिक्षण संस्थानों को जोड़ने और जनभागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। बैठक में आयोग के सदस्य (टेक्निकल) एसडी अत्री, सदस्य सचिव तरुण कुमार पिथोड़े, गुरुग्राम के डीसी उत्तम सिंह, झज्जर की डीसी वर्षा खंगवाल, गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त डा. पंकज, मानेसर नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह, झज्जर के एडीसी जगनिवास, गुरुग्राम नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त रविंद्र यादव सहित गुरुग्राम और झज्जर के प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- दूरसंचार अधिकारी पर अभियोजन चलाने की मंजूरी दे सकते हैं राज्यमंत्री, इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ का फैसला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।