हरियाणा के CM नायब सैनी का बड़ा फैसला, निकायों की कमाई बढ़ाने पर सरकार देगी दोगुना पैसा, मिलेगी 'मैचिंग ग्रांट'
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा की पंचायतों और नगरपालिकाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य के कर राजस्व से 2% अतिरिक्त कोष देने की घोषणा की है।

नायब सैनी ने गुरुग्राम में किया बड़ा एलान। जागरण
HighLights
स्थानीय निकायों को 2% अतिरिक्त कोष मिलेगा।
जितना राजस्व जुटाएंगे, सरकार उतनी ही ग्रांट देगी।
विकास के लिए उपलब्ध धनराशि दोगुनी हो सकेगी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। हरियाणा में पंचायतों और नगरपालिकाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ी घोषणा की है। स्थानीय निकायों को अपने स्तर पर राजस्व बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य के स्वयं के कर राजस्व का दो प्रतिशत अतिरिक्त कोष उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके तहत जो निकाय अपने स्तर पर जितने अतिरिक्त संसाधन जुटाएगा, सरकार भी उतनी ही राशि मैचिंग ग्रांट के रूप में देगी। इससे स्थानीय विकास के लिए निकायों के पास उपलब्ध धनराशि दोगुनी हो सकेगी। वर्तमान में राज्य सरकार अपने कर राजस्व का सात प्रतिशत हिस्सा स्थानीय निकायों को आवंटित कर रही है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को गुरुग्राम में पंचायतों और नगरपालिकाओं को सशक्त बनाने के विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने घोषणा की कि अपने क्षेत्र में सर्वाधिक स्वयं का राजस्व अर्जित करने वाले स्थानीय निकायों के नेतृत्व को राज्य स्तर पर सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जाएगा।
साझा संपत्तियों से आय बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सक्षम पंचायतें और जवाबदेह नगरपालिकाएं विकसित हरियाणा की मजबूत नींव हैं। पंचायतें अपनी साझा भूमि, तालाबों और सामुदायिक संपत्तियों को आय के स्थायी स्रोत के रूप में विकसित करें। नगरपालिकाएं भी सरल और प्रभावी कर संग्रहण व्यवस्था अपनाएं।
उन्होंने कहा कि अनुदान से काम चलता है, लेकिन अपनी आय से भविष्य बनता है। हरियाणा में पंचायतों को सीधे वित्तीय संसाधन हस्तांतरित करने के साथ स्टांप शुल्क और बिजली उपभोग के अंश से नियमित आय की व्यवस्था की गई है। शहरी निकायों में पूंजीमूल्य आधारित संपत्ति कर प्रणाली लागू की गई है।
पेयजल और अग्निशमन सेवाएं भी निकायों को मिलेंगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों को वास्तविक अधिकार देने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पेयजल आपूर्ति और अग्निशमन सेवाओं की जिम्मेदारी चरणबद्ध तरीके से उन्हें सौंपी जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने और नागरिक सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन करने की क्षमता बढ़ेगी।
350 ई-अटल पुस्तकालय और कचरे से ऊर्जा के प्रोजेक्ट की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में कचरे से ऊर्जा बनाने के चार बड़े क्लस्टर प्रोजेक्ट और 350 ई-अटल पुस्तकालयों जैसी पहलों की राष्ट्रीय सम्मेलन में सराहना हुई है। उन्होंने बताया कि पंचायतों में पिछड़ा वर्ग-बी को आरक्षण देकर प्रतिनिधित्व दिया गया है। ग्राम जल एवं सीवरेज समितियों में महिलाओं की कम से कम 50 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
हरियाणा के लिए बनेगा अलग सुधार रोडमैप
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों ने वित्तीय आत्मनिर्भरता, स्वायत्तता, जवाबदेही और बेहतर जनसेवाओं पर सुझाव दिए हैं। प्रोफेसर वीएन आलोक के नेतृत्व में तैयार हरियाणा-विशिष्ट सुधार रोडमैप आगामी वर्षों की कार्ययोजना का आधार बनेगा।
अधिकारियों को सुझावों और जनप्रतिनिधियों के फीडबैक पर समयबद्ध कार्रवाई करने तथा इन्हें हरियाणा विजन-2047 और प्रधानमंत्री विकसित ग्राम स्वराज योजना के अनुरूप लागू करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक बिमला चौधरी, मुकेश शर्मा, तेजपाल तंवर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।