एल्विश यादव के घर और कार शोरूम पर फायरिंग से भी था गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का कनेक्शन, भारत आने पर खुलेंगे राज
अमेरिका में गिरफ्तार गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का नाम गुरुग्राम में यूट्यूबर एल्विश यादव के घर और एक कार शोरूम पर हुई फायरिंग से जुड़ा है।

एल्विश यादव के घर पर फायरिंग की फाइल फोटो।
HighLights
हिमांशु भाऊ अमेरिका में गिरफ्तार, भारत लाया जाएगा।
एल्विश यादव के घर और कार शोरूम पर फायरिंग में नाम।
हरियाणा एसटीएफ करेगी पूछताछ, अपराध में कमी की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। अमेरिका में गिरफ्तार किए गए भारत के मोस्टवांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का नाम गुरुग्राम में भी कई वारदातों में सामने आ चुका है। अगस्त 2025 में बिग बास ओटीटी-सीजन दो के विजेता यूट्यूबर एल्विश यादव के सेक्टर 57 स्थित घर और चार महीने पहले हीरो होंडा चौक के पास एक कार शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग में हिमांशु भाऊ का नाम आया था।
हरियाणा एसटीएफ, एनआइए व अन्य एजेंसियों द्वारा साझा की गई जानकारी के बाद अमेरिका में एजेंसियों ने भारत के मोस्टवांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ व नीरज फरीदपुरिया को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुग्राम सहित एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में उसके खिलाफ दर्जनों केस दर्ज हैं।
तीन शूटरों ने की थी फायरिंग
बिग बॉस ओटीटी-सीजन दो के विजेता यूट्यूबर एल्विश यादव के सेक्टर 57 स्थित घर पर अगस्त 2025 में तीन शूटरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इसकी जिम्मेदारी इंटरनेट मीडिया पर एक पोस्ट डालकर विदेश में बैठे गैंगस्टर ने ली थी। इसमें हिमांशु भाऊ का नाम भी लिखा था। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था।
एल्विश यादव के घर पर फायरिंग से पहले उन्हें फोन पर करोड़ों रुपये की रंगदारी की धमकी भी दी गई थी। इसके अलावा इसी साल गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक के पास करीब चार-पांच महीने पहले बिग बाय टायज कार शोरूम पर भी कई राउंड फायरिंग की गई। इसमें भी हिमांशु भाऊ गैंग ने जिम्मेदारी ली थी।
हिमांशु समेत चार गैंगस्टर्स पर हरियाणा STF ने रखा इनाम
हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में बढ़ते अपराध और इसमें विदेश में बैठे हिमांशु भाऊ व अन्य गैंगस्टर का नाम सामने आने पर इनकी गिरफ्तारी के लिए हरियाणा एसटीएफ ने हिमांशु भाऊ, रोहित गोदारा, रणदीप मलिक और अनिल पंडित पर इनाम घोषित करने की संस्तुति की है। सभी के खिलाफ अगस्त 2026 में ही दस-दस लाख रुपये का इनाम रखने के बारे में पत्र लिखा गया था।
जल्द हरियाणा एसटीएफ की गिरफ्त में होंगे दोनों गैंगस्टर
हरियाणा एसटीएफ के एसपी वसीम अकरम ने बताया कि अमेरिका में पकड़े गए गैंगस्टर को डिपोर्ट करने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। हिमांशु भाऊ को हरियाणा एसटीएफ लेकर आएगी, जिसके बाद कई मामलों में उससे पूछताछ होगी। विदेश में बैठे अन्य गैंगस्टर के बारे में भी जानकारी मिल पाएगी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इनके पकड़े जाने से प्रदेश में अपराध में कमी आएगी।
