Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Gurugram Vidhan Sabha Chunav Voting: ईवीएम में कैद हो गया 46 प्रत्याशियों का भविष्य, जिले की सभी सीटों पर 57.9 प्रतिशत मतदान

जिले की चारों विधानसभा सीटों गुड़गांव बादशाहपुर सोहना और पटौदी में शनिवार को 57.9 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले में कुल 15 लाख चार हजार 959 मतदाता हैं जिसमें से 8 लाख 71 हजार 399 मतदाताओं ने मतदान किया। जिला प्रशासन के अनुसार मतदान की अधिकृत जानकारी पोलिंग पार्टियों से दी जाने वाली फाइनल रिपोर्ट के बाद ही जारी होगी। सोहना विधानसभा में सबसे ज्यादा 70.8 प्रतिशत वोट पड़े।

By Vinay Trivedi Edited By: Monu Kumar Jha Updated: Sat, 05 Oct 2024 11:10 PM (IST)
Hero Image
Gurugram News: गुरुग्राम के सेक्टर सात साथ स्थित देव सभा स्कूल में मतदान करने के लिए लोगों की लाइन।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। लोकतंत्र का महापर्व संपन्न होने के साथ 46 प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में कैद हो गया। परिणाम आठ अक्टूबर को मतगणना के बाद सामने आएगा। इस बार चुनाव जातिवाद व सांप्रदायिकता के दंंश से बिल्कुल अलग रहा। हर तरफ विकास ही मुद्दा दिखा।

मतदान करने के दौरान मतदाता भी विकास कार्यों को लेकर चर्चा करते दिखे। पक्ष व विपक्ष दोनों ने विकास को सामने रखकर चुनाव प्रचार अभियान चलाया। ऐसे में प्रमुख प्रत्याशियों के दावे हैं कि उनकी जीत पक्की है।

जिले में चार विधानसभा क्षेत्र गुड़गांव, बादशाहपुर, सोहना एवं पटौदी है। चारों से कुल 47 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें से एक सोहना से निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे सुभाष बंसल ने भाजपा प्रत्याशी तेजपाल तंवर का समर्थन कर दिया। 46 में से चार के सिर आठ अक्टूबर को ताज सजेगा।

हालांकि शनिवार को मतदान को लेकर मतदाताओं के उत्साह से अधिकतर प्रमुख प्रत्याशी खुश नजर आ रहे हैं। कुछ प्रत्याशियों ने मतगणना से पहले ही जनता के प्रति आभार भी प्रकट कर दिया है। गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी मोहित ग्रोवर कहते हैं कि लोगों में उत्साह, उमंग, जोश देखकर खुश हैं।

चुनाव बहुत अच्छा हुआ है। शहर में तमाम अव्यवस्थाओं से लोग परेशान थे। लोगों ने बदलाव के लिए बढ़-चढ़कर मतदान किया है। गुरुग्राम की हवा बदली हुई है। भाजपा प्रत्याशी मुकेश शर्मा का कहना है कि जनता ने भरपूर आशीर्वाद दिया है। वह उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरेंगे। निर्दलीय प्रत्याशी नवीन गोयल का कहना है कि उन्हें 36 बिरादरी का आशीर्वाद मिला है। उन्होंने काम करके दिखाया है और आगे भी काम करके दिखाएंगे।

पटौदी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी पर्ल चौधरी कहती हैं कि लोगों ने इस बार विकास के लिए वोट किया है। युवाओं ने अपने भविष्य के लिए वोट किया है। बुजुर्गों ने हक और सम्मान के लिए वोट किया है। महिलाओं ने सशक्तिकरण के लिए वोट किया। भाजपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक बिमला चौधरी का दावा है कि उनकी जीत तय है। क्षेत्र की तस्वीर बदलने के लिए वह दिन-रात कार्य करेंगी। भाजपा की नीतियों पर लोगों ने एक बार फिर भरोसा जताया है।

सोहना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी तेजपाल तंवर अपनी जीत को लेकर पूरी तरह सुनिश्चित है। उनका दावा है कि जीत उनकी होगी, क्योंकि समीकरण उनके पक्ष में नज़र आ रहे हैं। खासकर शहरी मतदाताओं ने भाजपा को वोट किए हैं जो जीत के अंतर में अहम भूमिका रहेगी। कांग्रेस प्रत्याशी रोहतास खटाना का कहना है कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि क्षेत्र की जनता ने पूरा आशीर्वाद दिया है। 36 बिरादरी के लोगों का प्यार मिला है।

आठ अक्टूबर का दिन उनके लिए ही नहीं पूरे क्षेत्र के लिए एक इतिहास लिखेगा। पहली बार स्थानीय नेता चुनाव जीतेगा। निर्दलीय जावेद अहमद कहते हैं कि यह चुनाव इतिहास बनेगा। एक ऐसी जीत होगी जो किसी ने सोचा नहीं होगा। उनकी एकतरफा जीत है।

आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी धर्मेंद्र खटाना का कहना है कि जिस तरह लोगों ने उनकी पार्टी की नीतियों पर भरोसा किया है, उससे लगता है कि उनकी जीत संभव है। इसी क्षेत्र से एक अन्य निर्दलीय उम्मीदवार व जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन कल्याण सिंह चौहान का कहना है कि वह पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़े हैं। जीत के लिए मतदाताओं और समर्थकों को नमन करते हैं।

बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार व पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह का कहना है कि वह भारी मतों से जीत हासिल करने के जा रहे हैं। उनका किसी से मुकाबला ही नहीं था। लोगों ने क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे गुरुग्राम की तस्वीर बदलने के लिए उन्हें मत दिया था। कांग्रेस प्रत्याशी वर्धन यादव का कहना है कि क्षेत्र के लोग बीते दस सालों से अव्यवस्थाओं से परेशान थे। शहर और गांवों के मतदाताओं ने बढ़चढ़ कर मतदान में हिस्सा लिया है।

इसका साफ संकेत है कि उन्होंने बदलाव के लिए वोट दिया है। इस बार हरियाणा और बादशाहपुर में ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। निर्दलीय उम्मीदवार व कुमुदनी राकेश दौलताबाद का भी दावा है कि उनकी कार्यनीति लाेगों को पसंद आई है। उनकी जीत निश्चित है। जनता का भरपूर सहयोग मिला है। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी बीर सिंह उर्फ बीरू सरपंच का कहना है कि लोकतंत्र के महापर्व में जनता का खूब उत्साहदिखा।

गुरुग्राम की चारों सीटों पर मतदान प्रतिशत

विधानसभा चुनाव में जिले की चारों विधानसभा सीटों गुड़गांव, बादशाहपुर, सोहना और पटौदी में शनिवार को 57.9 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले में कुल 15 लाख चार हजार 959 मतदाता हैं, जिसमें से 8 लाख 71 हजार 399 मतदाताओं ने मतदान किया। जिला प्रशासन के अनुसार मतदान की अधिकृत जानकारी पोलिंग पार्टियों से दी जाने वाली फाइनल रिपोर्ट के बाद ही जारी होगी। सोहना विधानसभा में सबसे ज्यादा 70.8 प्रतिशत वोट पड़े।

  • गुरूग्राम के सिविल लाइंस स्थित बूथ नंबर 230 के मतदान केंद्र पर अपनी धर्मपत्नी डॉक्टर प्रीति के साथ मतदान करने के बाद सेल्फी पॉइंट पर हाथ पर लगी स्याही को दिखाते जिला उपयुक्त निशांत कुमार यादव।

  • गुरुग्राम के सेक्टर 14 स्थित मतदान केंद्र पर मतदान करने के बाद अपनी पत्नी के साथ गुड़गांव विधानसभा के निर्दलीय उम्मीदवार नवीन गोयल हाथ पर लगी स्याही को दिखाते हुए।

  • गुरुग्राम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे से मतदान जारी है। शहर के सभी मतदान केंद्रों पर गुरुग्राम पुलिसकर्मी, पैरामिलिट्री फोर्स, होमगार्ड के जवान तैनात हैं। खांडसा रोड पर शिवाजी नगर थाने के पास सनातन धर्म बाल माध्यमिक विद्यालय में बने बूथ के बाहर तैनात पैरामिलिट्री फोर्स के जवान।

सोहना सीट के तहत तावडू के बूथ नंबर 169 पर लगी मतदाताओं की कतार लंबी कतार

  • गुरुग्राम : हाईराइज सोसायटियों में फिलहाल मतदान की रफ्तार कम। लोग एक-एक करके मतदान करने पहुंचने लगे हैं। हाईराइज सोसायटियों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और मतदाताओं की सुविधा के लिए इस बार प्रशासन ने 126 सोसायटी में बूथ बनाए हैं। सेक्टर 92 स्थित सारे होम सोसायटी में मतदान करने पहुंचे मतदाता।

  • गुरुग्राम:गवर्नमेंट हाई स्कूल चार आठ मारला स्थित मतदान केंद्र में मतदान करने पहुंचे मतदाता।

  • पटौदी विधनसभा के गांव फाजिलपुर बादली गांव में धीमी गति से हो रहा मतदान। अभी तक कुल 50 लोगों ने किया है मतदान।

  • लोकतंत्र के यज्ञ में मतदान कर निभाई अपनी जिम्मेदारी.... गुरुग्राम के न्यू कॉलोनी, अर्जुन नगर ,सेक्टर 7 में मतदान करने के बाद हाथ में लगी स्याही को दिखाते मतदाता।

  • गुरुग्राम के मतदान के बाहर तैनात रेलवे सुरक्षा विशेष बल का जवान नजर रखते हुए रेलवे सुरक्षा।

  • मतदान बूथ के बाहर महिलाओं की लंबी कतार।

  • लोकतंत्र के महापर्व में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए पहुंचे मतदाता काफी उत्साह नजर आए। गुरुग्राम के सेक्टर 7 स्थित देव समाज स्कूल में मतदान करने के लिए मतदाताओं की लगी लाइन। सुबह-सुबह महिलाएं भी अपनी भागीदारी निभाने के लिए उत्साहित नजर आई।

  • गुरुग्राम के सेक्टर सात साथ स्थित देव सभा स्कूल में मतदान करने के लिए लोगों की लाइन

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें