कैथल में एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक को दूसरे ट्रक ने मारी टक्कर, दो ड्राइवरों सहित तीन की मौत; 50 लाख का डोडा-पोस्त बरामद
कलायत में दिल्ली-जम्मू एक्सप्रेस-वे पर दो ट्रकों की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। टकराने वाले ट्रक से ...और पढ़ें
-1790368354823_m.webp)
कैथल में एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक को दूसरे ट्रक ने मारी टक्कर। फोटो जागरण
HighLights
कलायत में एक्सप्रेस-वे पर दो ट्रकों की भीषण टक्कर।
हादसे में दो ड्राइवरों और एक मैकेनिक की मौत हुई।
टकराने वाले ट्रक से 50 लाख का डोडा-पोस्त जब्त।
संवाद सहयोगी, कलायत (कैथल)। गांव खरक पांडवा के नजदीक दिल्ली-जम्मू एक्सप्रेस-वे पर दो ट्रकों के बीच हुए टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में खरक पांडवा निवासी रामनिवास, जींद निवासी ट्रक चालक अनिल और टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक शामिल हैं।
वीरवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क की भी पोल खोल दी है। हादसे में एक ट्रक हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटनाग्रस्त राजस्थान नंबर के ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें केलों के बीच में छिपाकर रखे गए करीब 40 कट्टे डोडा-पोस्त के बरामद हुए। इनका भार लगभग आठ क्विंटल बताया जा रहा है। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये है।
बता दें कि दिल्ली से कैथल की तरफ आ रहा एक ट्रक खरक पांडवा के पास हाईवे किनारे खराब हो गया। चालक अनिल कुमार ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। ठीक कराने के लिए गांव खरक पांडवा निवासी मैकेनिक रामनिवास को बुलाया। रामनिवास व चालक अनिल ट्रक के नीचे ठीक करने में लगे थे और हेल्पर कुछ दूरी पर था।
इसी दौरान जम्मू की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे राजस्थान नंबर के ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक चालक अनिल कुमार, दूसरे ट्रक के चालक और मैकेनिक रामनिवास की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि एक बार रामनिवास ने इस ट्रक को अपने गैराज में ठीक कर दिया था। जैसे ही यह एक्सप्रेसवे पर दोबारा पहुंचा तो वाहन फिर से खराब हो गया। खराबी को ठीक करने के लिए हेल्पर को जाना था। लेकिन फिर अचानक रामनिवास भी मौके पर जाने को तैयार हो गया।
सड़क के बीचों-बीच बिखर गए केले
सूचना पर कलायत पुलिस मौके पर पहुंची। केलों से भरे राजस्थान नंबर के ट्रक का सामान सड़क पर बिखरा था। पुलिस ने जब ट्रक की जांच की तो केलों के बीच में करीब 40 कट्टे मिले। इनमें डोडा-पोस्त भरा हुआ था। ट्रक में दो से तीन अलग-अलग नंबरों की नंबर प्लेट भी थी। वहीं कलायत थाना पुलिस ने तीनों मृतकों के शव नागरिक अस्पताल में रखवाए। घायल हेल्पर अमित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक अनिल कुमार जींद के रहने वाले थे। उनके चाचा कुलदीप के अनुसार ट्रक अनिल का ही था। परिवार में उनकी पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी है। अनिल की मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। दूसरी तरफ मैकेनिक रामनिवास के परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं।
चालक व उसके मालिक की जुटाई जा रही जानकारी
कलायत थाना प्रबंधक अमन कुमार ने बताया कि सड़क हादसे व एक नशा तस्करी के संबंध में मृतक चालक के विरुद्ध अलग-अलग दो केस दर्ज किए गए हैं। फिलहाल केलों की सप्लाई के साथ नशीले पदार्थ लेकर चल रहे मृतक चालक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस चालक व इसके मालिक की जानकारी जुटाने में लगी है।
