शराब के नशे में चला रहे थे पटाखा, उड़ गई गोली लगने की अफवाह; घंटों हांफती रही पलवल पुलिस
पलवल के होडल में गोली लगने की अफवाह से पुलिस कई घंटे परेशान रही, लेकिन जांच में पता चला कि ...और पढ़ें

गोली की सूचना पर दौड़ी पुलिस, निकला पटाखा। एआई इमेज
HighLights
होडल में युवक को गोली लगने की अफवाह फैली।
पुलिस ने फरीदाबाद अस्पताल पहुंचकर जांच की।
शराब के नशे में पटाखा चोट का मामला निकला।
जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल जिले के होडल में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक युवक को गोली लगने की सूचना से पुलिस कई घंटे तक परेशान रही। हालांकि, फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल पहुंचने पर जब पुलिस ने डॉक्टरों और घायल से पूछताछ की, तब पुलिस को राहत की सांस मिली। दरअसल, पूरा मामला शराब के नशे में पटाखे चलाने के दौरान पटाखा या पत्थर उछलकर लगने का निकला।
मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि होडल निवासी साहिल नामक युवक के पेट में गोली लगी है। शुरुआती सूचना में बताया गया कि युवक अपने एक रिश्तेदार के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित एक ढाबे पर शिकंजी पीने जा रहा था, तभी बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उसे गोली मार दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए होडल थाना प्रभारी मनोज कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत हरकत में आए। पुलिस जांच करते हुए फरीदाबाद के उस निजी अस्पताल पहुंचे, जहां घायल को भर्ती कराया गया था। वहां डॉक्टरों और घायल युवक से पूछताछ करने पर गोली चलने की बात पूरी तरह निराधार साबित हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि साहिल ने अपने साथियों के साथ पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान कोई पटाखा या पास पड़ा पत्थर उछलकर जोर से उसके पेट में जा लगा। पटाखे की तेज आवाज और पेट से खून निकलता देख युवक को लगा कि उसे गोली मारी गई है।
घबराहट में वह तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचा और डॉक्टरों को गोली लगने की बात बताई। गंभीर स्थिति को देखते हुए सरकारी अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया, जिसके बाद स्वजन उसे फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए। फिलहाल, घायल युवक का फरीदाबाद के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- त्योहारी सीजन में ऑनलाइन शॉपिंग करते समय रहें सावधान, पलवल SP ने जारी की साइबर सुरक्षा एडवाइजरी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।