Adampur Byelection: दीपावली के बाद गर्माएगा आदमपुर उपचुनाव का रण, मैदान में उतरेंगे महारथी
Adampur By Election हरियाणा के आदमपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में सभी दलों के प्रत्याशी और उनके समर्थक मैदान में प्रचार में जुटे हुए हैं। उपचुनाव में माहौल दीपावली के बाद दिग्गज नेता मैदान में उतरेंगे और चुनावी माहौल गर्माएगा।

जेएनएन, चंडीगढ़। Adampur By Election 2022 : हरियाणा के आदमपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मैदान में प्रत्याशी अपना जाेर लगा रहे हैं। भाजपा के भव्य बिश्नोई अपने पिता कुलदीप बिश्नोई के साथ चुनाव प्रचार में पसीना बहा रहे हैं तो कांग्रेस के प्रत्याशी जयप्रकाश भी पूरा जोर लगा रहे हैं। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सतेंद्र सिंह भी चुनाव प्रचार में डटे हुए हैं। अब दीपावली के बाद भाजपा ,कांग्रेस और आप के दिग्गज नेता चुनाव प्रचार में उतरेंगे। इससे आदमपुर का रण गर्माएगा।
आदमपुर में चुनाव भजनलाल परिवार बनाम दूसरे दल हो जाता है
दरअसल, हिसार जिले के आदमपुर क्षेत्र के चुनाव में सारे मुद्दे व मसले गौण साबित होते हैं। इस एक ही मुद्दा ही हावी हो जाता है और वह है पूर्व सीएम भजनलाल परिवार बनाम अन्य राजनीतिक दल। इस बार आदमपुर सीट पर भजनलाल की तीसरी पीढ़ी उनके पोते भव्य बिश्नोई उपचुनाव लड़ रहे हैं। भव्य कुलदीप बिश्नोई के बेटे हैं।
बता दें कि भजनलाल, उनकी पत्नी जसमा देवी, बेटे कुलदीप बिश्नोई और पुत्रवधू रेणुका बिश्नोई ने आदमपुर से आज तक जितने भी चुनाव लड़े, वह विपक्ष के उम्मीदवार के रूप में जीते। यह पहला मौका है, जब भजनलाल परिवार के पांचवें सदस्य के रूप में भव्य बिश्नोई सत्ता पक्ष यानी भाजपा-जजपा गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में उपचुनाव में लड़ रहे हैं।
भाजपा नेता मनोहर सरकार के काम को मानते हैं भव्य की बड़ी ताकत
भाजपा नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार के आठ साल के कार्यकाल में बिना क्षेत्रवाद और बिना भेदभाव हुए विकास कार्यों का आशीर्वाद भव्य बिश्नोई के साथ है। कुलदीप बिश्नोई कहते हैं कि उन्होंने आज तक मनोहर लाल जैसा ईमानदार और पूरे प्रदेश की चिंता करने वाला मुख्यमंत्री नहीं देखा। हालांकि विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा इस दावे के लिए कुलदीप पर हमलावर होने का कोई मौका नहीं चूकते, लेकिन कुलदीप बिश्नोई ने आज तक हुड्डा परिवार को ज्यादा महत्व नहीं दिया है।
कांग्रेस उम्मीदवार जयप्रकाश के लिए हुड्डा पिता-पुत्र व उदयभान मैदान में
आदमपुर के रण में कांग्रेस उम्मीदवार जयप्रकाश जेपी के लिए भूपेंद्र हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा व चौधरी उदयभान अपने विधायकों के साथ जबरदस्त तरीके से चुनाव प्रचार कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला व अभय सिंह चौटाला की मेहनत के चलते इनेलो उम्मीदवार कुरड़ा राम नंबरदार का प्रचार भी जोर पकड़ रहा है।
दूसरी ओर , आम आदमी पार्टी के सतेंद्र सिंह को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उनके चुनाव प्रबंधकों का सहारा है। भाजपा-जजपा गठबंधन के उम्मीदवार भव्य बिश्नोई के लिए पूरी टीम प्रचार में उतरी हुई है। उनके पिता कुलदीप व मां रेणुका बिश्नोई घरों में जाकर वोट मांग रहे हैं।
आदमपुर के युवाओं के साथ होगा मनोहर का संवाद
दीपावली के बाद आदमपुर उपचुनाव में भाजपा विपक्ष पर तगड़ा हमला करने की तैयारी में है। 27 अक्टूबर को भाजपा सरकार के आठ साल पूरे होने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह फरीदाबाद में रैली करने जा रहे हैं। हालांकि यह रैली एक लोकसभा क्षेत्र की होगी, लेकिन अमित शाह और मनोहर लाल की जोड़ी का यहां से निकला संदेश आदमपुर की जनता के लिए भी संदेश होगा।
इस रैली के तुरंत बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल व भाजपा प्रभारी बिप्लब कुमार देब आदमपुर में डेरा डाल लेंगे, जबकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, कृषि मंत्री जेपी दलाल, डा. बनवारी लाल, कृष्ण बेदी, कैप्टन भूपेंद्र और कृष्ण पंवार ने पहले ही प्रचार की डोर थामी हुई है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल आदमपुर के युवाओं के साथ संवाद भी आयोजित करने वाले हैं, जिसकी रूपरेखा तैयार हो चुकी है। दीपावली के बाद भाजपा के सहयोगी दल जजपा के नेता दुष्यंत चौटाला, अजय सिंह चौटाला व दिग्विजय चौटाला भी भव्य के लिए वोट मांगते नजर आएंगे।
कई दिग्गज करेंगे आदमपुर क्षेत्र में ताबड़तोड़ रैलियां
दीपावली के बाद आदमपुर के रण में जबरदस्त संग्राम छिड़ने वाला है। अपनी रणनीति को सिरे चढ़ाने की योजना के तहत भारतीय जनता पार्टी ने तमाम दिग्गजों की ड्यूटियां निर्धारित कर दी हैं। करीब पौने दो लाख मतदाताओं वाले आदमपुर में 57 गांव हैं। अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने पर पार्टियों का फोकस है।
यह भी पढ़ें: दिवाली से पहले पंजाब - हरियाणा में 1119 जगहों पर जलाई गई पराली , चंडीगढ़ PGI ने शेयर की गूगल मैप इमेज
भाजपा चाहती है कि आदमपुर में बरौदा व ऐलनाबाद में हुई हार का बदला लिया जाए, जबकि विपक्ष यहां जीत की हैट्रिक लगाने की सोच रखे हुए है। भाजपा यहां मजबूत संगठन शक्ति व बूथ स्तर तक पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति के साथ ही आठ साल के कल्याणकारी कामों के दम पर चुनाव लड़ रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित अन्य दिग्गज क्षेत्र में ताबड़तोड़ रैलियां कर चुनावी माहौल को बदलने की योजना पर काम कर रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।