Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा में PM मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी सांसदों-विधायकों का जनसेवा अभियान, 2 अक्टूबर तक रोजाना राज्य-जिला स्तर पर बड़े कार्यक्रम

    Updated: Wed, 17 Sep 2025 07:14 PM (IST)

    हरियाणा में प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में सरकार जनसेवा और संकल्प सिद्धि अभियान चला रही है। विभिन्न विभागों द्वारा स्वास्थ्य स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जनकल्याणकारी योजनाओं को अंत्योदय तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। भाजपा भी संगठन स्तर पर स्वच्छता अभियान चला रही है।

    Hero Image
    PM मोदी के जन्मदिन पर सीएम से लेकर सांसद-विधायकों का सेवा पखवाड़ा (फाइल फोटो)

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा मना रही हरियाणा की भाजपा सरकार अब दशहरे तक पूरी तरह फील्ड में नजर आएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से लेकर सभी मंत्री और सांसद-विधायक आमजन की ''सेवा'' में होंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    स्वस्थ समाज, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता पर आधारित कार्यक्रमों के साथ ही दो अक्टूबर तक जनसेवा और संकल्प सिद्धि का अभियान चलेगा। प्रतिदिन राज्य और जिला स्तर पर किसी एक विभाग का बड़ा कार्यक्रम होगा, जिसमें राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री के साथ विभागीय मंत्री और जिला स्तर पर मंत्री के साथ स्थानीय सांसद-विधायक शामिल रहेेंगे।

    भाजपा सरकार के संकल्पों को पूरा करने और जनता की सेवा के लिए सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। सेवा पखवाड़े के दौरान जनसेवा कार्यक्रम, लाभकारी योजनाएं, स्वच्छता अभियान सहित केंद्र व प्रदेश सरकार के अन्य संकल्पों को फलीभूत किया जाएगा।

    स्वास्थ्य विभाग गांव से लेकर शहरों में चिकित्सा जांच शिविर आयोजित करेगा तो सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए तथा अन्य विभागों द्वारा सफाई अभियान व श्रमदान के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

    इसके अलावा रक्तदान शिविर, प्लास्टिक मुक्त अभियान, पौधरोपण और गरीबों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम होंगे। "स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार" अभियान और "पोषण माह" के तहत टीकाकरण के साथ महिलाओं को सेहत के प्रति जागरूक किया जाएगा।

    पालिथिन का उपयोग खत्म करने के लिए स्वयं सहायता समूह कपड़े के थैले तैयार करेंगे, जिन्हें लोगों के बीच वितरित किया जाएगा। प्रदेश के 75 स्थानों पर नमो वन अथवा पार्क स्थापित किए जाएंगे। इन वनों और पार्कों के माध्यम से न केवल हरियाली बढ़ेगी बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण भी मिलेगा।

    मुख्यमंत्री नायब सैनी के स्पष्ट निर्देश हैं कि सभी विभाग जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीन स्तर पर पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रमों का आयोजन करें। अंत्योदय तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्यक्रमों में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें।

    जिन परियोजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, उनकी सूची बनाएं ताकि सेवा पखवाड़ा के दौरान उन्हें जनता को समर्पित किया जा सके। प्रत्येक विभाग को प्रत्येक जिले में एक बड़ा आयोजन करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा सभी विभाग सम्मिलित रूप से भी कार्यक्रम करेंगे।

    सरकारी स्तर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के साथ ही भाजपा ने भी संगठन स्तर पर अभियान चलाया है। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे राज्य में धार्मिक स्थलों, सामुदायिक स्थलों और सार्वजनिक जगहों पर स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता और सेवा की भावना के प्रति जागरूक करेंगे। प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा।

    राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की बधाई देते हुए कहा कि मोदी ने एक मजबूत, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत बनाने के लिए सभी पीढ़ियों और समुदायों के प्रत्येक नागरिक को प्रेरित किया है।

    गतिशील मार्गदर्शन में हमारा देश बुनियादी ढांचे, डिजिटल परिवर्तन, किसानों के सशक्तीकरण, गरीबों के कल्याण, महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने में अभूतपूर्व प्रगति कर रहा है। हरियाणा की जनता प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण की यात्रा में योगदान देकर गर्व का अनुभव करती है।