हरियाणा में अब सरपंचों और पार्षदों के बीच होगा विकास का मुकाबला, बेहतर काम करने वालों को सम्मानित करेगी सरकार
हरियाणा सरकार महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने के लिए पंचायतों और नगर निकायों के वार्डों के बीच जनहितकारी योजनाओं को लागू करने के लिए प्रतियोगिता आयोजित करेगी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। फाइल फोटो
HighLights
ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने का लक्ष्य।
जनहितकारी योजनाओं के लिए पंचायतों, वार्डों में प्रतियोगिता।
बेहतर कार्य करने वाले सरपंच, पार्षद होंगे सम्मानित।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने के लिए हरियाणा सरकार करने के लिए एक कदम और बढ़ाने जा रही है। पंचायत और नगर निकाय के वार्ड के बीच जन हितकारी योजनाओं को सिरे चढ़ाने के लिए प्रतियोगिता कराएगी और बेहतर कार्य कराने वाले गांव के सरपंच तथा नगर निकाय के पार्षद को सम्मानित करेगी।
इससे जनप्रतिनिधि केवल पदाधिकारी नहीं, बल्कि परिवर्तन के वाहक हैं यह संदेश पूरे राज्य में जाएगा। हर साल प्रतियोगिता होगी और उसके परिणाम आने पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम कर बेहतर कार्य करने वाले पार्षद तथा सरपंच को सम्मानित किया जाएगा।
इस बात की घोषणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को गुरुग्राम के सेक्टर-51 स्थित गुरुग्राम विश्वविद्यालय में स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान (एसजेएचआइएफएम) की ओर से आयोजित पंचायत और निकायों के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के पहले दिन की।
गांव विकास की अंतिम कड़ी नहीं
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इसकी रूपरेखा बनाकर कार्य भी आरंभ करा दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता बड़े भरोशे के साथ अपना जनप्रतिनिधि चुनती है। उसे उम्मीद होती है कि उनका प्रतिनिधि उनके गांव या वार्ड की समस्या को दूर कर एक आदर्श व्यवस्था बनाएगा। पर जनता की कसौटी पर कम ही लोग खरे उतरते हैं।
चुने गए व्यक्ति को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। यह मान कर कार्य करना चाहिए कि गांव विकास की अंतिम कड़ी नहीं, बल्कि विकास का केंद्र है।