विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला में युवती को कुत्ते ने काटा, रिटायर्ड कर्नल और बेटे ने मांगी माफी; बोले-अब बांधकर रखेंगे

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:33 PM (IST)

पंचकूला के सेक्टर-11 में जिम जा रही एक युवती को कुत्ते ने बुरी तरह काट लिया, जिससे उसे गहरे जख्म हुए। यह कुत्ता एक सेवानिवृत्त कर्नल के घर पर रहता था, जिन्होंने घटना के बाद माफी मांगी और कुत्तों को बांधकर रखने का वादा किया।

कुत्ते के हमले के बाद युवती अस्पताल में इलाज करवाते हुए।

कुत्ते के हमले के बाद युवती अस्पताल में इलाज करवाते हुए।

HighLights

  1. सेक्टर-11 में युवती पर कुत्ते ने किया हमला।

  2. काफी देर तक युवती कुत्ते से खुद को बचाती रही।

  3. कुत्ते के काटने से युवती के बाजू पर गहरे जख्म।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-11 में सोमवार सुबह युवती पर कुत्ते ने हमला कर दिया। यह कुत्ता रिटायर्ड कर्नल के घर पर रहता है। रिटायर्ड कर्नल और उनके बेटे ने युवती के परिवार से माफी मांगी है। साथ ही कुत्ते को बांधकर रखने का वादा किया है।

सेक्टर-11 निवासी ममता धीमान ने बताया कि उनकी बेटी सोम्या सोमवार सुबह करीब आठ बजे घर से जिम के लिए पैदल जा रही थी। जब वह कुछ दूरी पर पहुंची तो वहां एक कुत्ते ने उनकी बेटी पर हमला कर दिया।

कुत्ते ने सोम्या के बाजू को दांतों से पकड़ लिया और काफी देर तक युवती कुत्ते से खुद को बचाती रही। दूसरे हाथ में पानी की बोतल थी, जिससे उसने कुत्ते को मारा तब जाकर खुद को उससे छुड़वाया। सोम्या भागकर घर पहुंची तब परिवार को घटना का पता चला।

उन्होंने बताया कि बेटी पर जब कुत्ते ने हमला किया तो आसपास से लोग गुजर रहे थे किसी ने भी बेटी को नहीं बचाया। ममता धीमान ने बताया कि बेटी पर हमला करने वाला आवारा कुत्ता है, लेकिन वह रिटायर्ड कर्नल के घर पर रहता है।

कर्नल के घर पर तीन आवारा कुत्ते रहते हैं, जिन्हें कर्नल का परिवार ही खाना देता है और उनके रहने के लिए घर में ही गद्दे लगाए गए हैं। तीनों कुत्ते गली में घूमते रहते हैं। घटना के बाद वह बेटी को लेकर अस्पताल ले गए। इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया है।

बाजू पर गहरे जख्म

ममता ने कहा कि बाजू में गहरे जख्म होने की वजह से बेटी को शाम को दोबारा अस्पताल लेकर जाएंगे। ममता धीमान ने बताया कि घटना के बाद वह और उनके पति कर्नल के घर पर गए थे। उन्होंने कुत्तों को लेकर बात की तो कर्नल और उनके बेटे ने माफी भी मांगी और कहा कि वे कुत्तों को बांधकर रखेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।