विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेवाड़ी नागरिक अस्पताल में 1 नवंबर से शुरू होगी अमृत फार्मेसी, मरीजों को मिलेंगी सस्ती दवाएं

Published: Mon, 26 Oct 2026 04:51 PM (IST)

रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में 1 नवंबर से अमृत फार्मेसी और वीटा डेयरी शुरू किया जा रहा है। जिससे मरीजों को सस्ती दवाएं, चिकित्सा उपकरण और खाद्य सामग्री मिल सकेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. नागरिक अस्पताल रेवाड़ी में अमृत फार्मेसी, वीटा डेयरी खुलेगी।

  2. मरीजों को सस्ती दवाएं, चिकित्सा उपकरण और खाद्य सामग्री मिलेगी।

  3. गरीब और मध्यम वर्ग के लिए यह सुविधा विशेष लाभकारी होगी।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। नागरिक अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को दवाओं व खाद्य सामग्री के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी और वीटा डेयरी एक नवंबर से शुरू होने की योजना है।

अमृत फार्मेसी से मरीजों को कम कीमत पर दवाएं और चिकित्सा उपकरण मिल सकेंगे, जबकि वीटा डेयरी पर दूध सहित जरूरी खाद्य सामग्री उपलब्ध होगी। यह सुविधा कैंसर, हृदय रोग और मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए उपयोगी होगी।

गरीब और मध्यम वर्गीय मरीजों को मिलेगा लाभ

अमृत फार्मेसी में ब्रांडेड दवाओं की तुलना में सस्ती जेनेरिक और जीवनरक्षक दवाएं मिलेंगी। कैंसर और हृदय रोग की दवाओं की कीमतों में बड़ा अंतर होने से गरीब और मध्यम वर्गीय मरीजों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। सर्जरी और उपचार में काम आने वाले चिकित्सा उपकरण भी रियायती दरों पर उपलब्ध होंगे।

हरियाणा और रेवाड़ी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में फार्मेसी के शुभारंभ की संभावना है। अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं, जिनमें आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मरीज भी शामिल हैं। अमृत फार्मेसी शुरू होने से उन्हें निजी फार्मेसी के मुकाबले कम कीमत पर जरूरी दवाएं खरीदने का विकल्प मिलेगा।

वीटा बूथ में क्या मिलेगा?

केंद्र सरकार की अमृत योजना के तहत यह सुविधा फिलहाल रोहतक पीजीआई, करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कालेज, नूंह के एसएचकेएम मेडिकल कालेज और गुरुग्राम में संचालित है।

रेवाड़ी अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी और वीटा बूथ बनकर तैयार हैं। यहां दूध, छाछ, लस्सी और अन्य खाद्य पदार्थ एक ही स्थान पर मिलेंगे। अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन दो हजार से 2200 मरीज आते हैं और काफी संख्या में मरीज भर्ती होते हैं।

अमृत फार्मेसी और डेयरी बूथ बनकर तैयार हो गया है। एक नवंबर को इसे सुचारू रूप से शुरू कराने की योजना है। उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इससे मरीजों को एक ही परिसर में आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। ब्रांडेड और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर उपलब्ध होंगी।
-डा. इंद्रजीत यादव, उप चिकित्सा अधीक्षक, नागरिक अस्पताल।

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी: रेलवे लाइन के पास मुख्य पानी की पाइपलाइन टूटी, अगले 3 दिन तक बाधित रहेगी पेयजल आपूर्ति

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में अवैध तेल कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, गज्जीवास के मकान से 800 लीटर पेट्रोल और 700 लीटर थिनर बरामद, एक गिरफ्तार