रोहतक में सड़क हादसा, कैंटर की चपेट में आने से हाथरस के दो ड्राइवरों की मौत
सांपला-झज्जर राजमार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में हाथरस के दो चालकों की मौत हो गई। ट्रक के टायरों ...और पढ़ें
-1792342910995_m.webp)
हाथरस के दो चालकों को कैंटर ने लिया चपेट में, दोनों की मौत।
HighLights
सांपला-झज्जर राजमार्ग पर हुआ दर्दनाक सड़क हादसा।
हाथरस के अरविंद और संदीप की मौके पर मौत।
संदीप की शादी की तैयारियां मातम में बदलीं।
जागरण संवाददाता, रोहतक। सांपला-झज्जर राजमार्ग पर शनिवार रात सड़क हादसे में दो चालकों की मौत हो गई। इनकी पहचान उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में स्थित गांव रतिभानपुर निवासी अरविंद और संदीप के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि ट्रक के टायरों से रोड़ियां निकालते वक्त इन्हें एक कैंटर ने चपेट में ले लिया। पुलिस ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है। वहीं इस हादसे के कारण संदीप के घर चल रही उसकी शादी की तैयारियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार सोनीपत के एक ट्रांसपोर्टर के पास काम करते हाथरस (उत्तर प्रदेश) के रतिभानपुर निवासी अरविंद और संदीप चरखी दादरी से क्रशर मैटेरियल लेकर गाजियाबाद के लिए निकले थे।
शनिवार रात रोहतक से निकल कर झज्जर-सांपला हाइवे पर ढाबे के पास ट्रक के टायरों में फंसी रोड़ियां निकाल रहे थे। इसी दौरान पास से गुजरे कैंटर ने चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस बात का पता तब चला, जब इनके साथ काम कर रहा एक अन्य ट्रक चालक वहां पहुंचा।
हादसे के ठीक दो मिनट बाद मौके पर पहुंचे घनेंद्र सिंह ने बताया कि उसने ही सड़क पर खड़े ट्रक के पास दो लोगों को खून से लथपथ देख पुलिस को सूचना दी थी। घनेंद्र के अनुसार, चालक अरविंद की दो बेटियां हैं। वही अपने परिवार का लालन-पालन करता था।
उधर, रतिभानपुर निवासी मनदीप ने बताया कि तीन में से दूसरे नंबर के उसके भाई संदीप की शादी की तैयारी चल रही थी। तीन दिन में टीका आने वाला था। इस हादसे ने सारी खुशियां गम में बदल दीं।
सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। इनके शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली गई है। चालक की तलाश की जा रही है। - एसआई महेंद्र, थाना प्रभारी, सांपला।
