विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दहेज में ब्रेजा कार मांगने वाले दिल्ली पुलिस के सिपाही पर FIR, हुआ सस्पेंड; पहली शादी छिपाने का भी आरोप

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:24 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 24 Nov 2026 06:32 PM (GMT+05:30)

सोनीपत पुलिस ने दिल्ली पुलिस के सिपाही दूल्हे पर दहेज में ब्रेजा कार मांगने और बारात लौटाने के आरोप में केस दर्ज किया है।

साढ़े 9 लाख की ऑरा कार ठुकराकर ब्रेजा पर अड़ा था सिपाही दूल्हा, अब महिला आयोग के एक्शन से फंसी जान। जागरण

साढ़े 9 लाख की ऑरा कार ठुकराकर ब्रेजा पर अड़ा था सिपाही दूल्हा, अब महिला आयोग के एक्शन से फंसी जान। जागरण

HighLights

  1. दहेज में ब्रेजा कार मांगने पर दूल्हे पर केस दर्ज।

  2. हरियाणा महिला आयोग के निर्देश पर हुई एफआईआर।

  3. दूल्हे पर पहली शादी छिपाने का भी आरोप।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। शादी के दिन दहेज में ब्रेजा कार की मांग पूरी नहीं होने पर बरात लौटाने के मामले में अब सोनीपत पुलिस ने दूल्हे पर केस दर्ज कर लिया है। हरियाणा महिला आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस को एफआइआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

आयोग की चेयरपर्सन ऊषा प्रियदर्शी ने स्पष्ट किया है कि दोनों परिवारों के बीच किसी तरह का समझौता होने के बावजूद मामले में सामने आए तथ्यों की अनदेखी नहीं की जाएगी और आरोपों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। सेक्टर-27 थाना पुलिस ने दिल्ली पुलिस के सिपाही दूल्हे कुलदीप पर केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।

20 नवंबर को मुरथल रोड स्थित मामचंद वाटिका में हुई इस घटना को लेकर दुल्हन के पिता सुभाष कुमार ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को शिकायत दी थी। उनका आरोप है कि गोहाना के गांधी नगर निवासी और दिल्ली पुलिस में तैनात कुलदीप के साथ उनकी बेटी का रिश्ता करीब छह महीने पहले तय हुआ था।

साढ़े नौ लाख की कार कराई थी बुक

शादी के लिए उन्होंने करीब साढ़े नौ लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक करवाई थी, लेकिन आरोप है कि दूल्हा पक्ष ब्रेजा कार की मांग पर अड़ा रहा। मांग पूरी नहीं होने पर शादी किए बिना बारात वापस लौट गई। अब मामले में दुल्हन के पिता ने कुलदीप पर एक और आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि कुलदीप ने अपनी पहली शादी की बात भी उनसे छिपाई थी। पिता का आरोप है कि यदि उन्हें पहले से इस बारे में जानकारी होती तो वह बेटी का रिश्ता नहीं करते। इस आरोप के सामने आने के बाद मामले की जांच का दायरा और बढ़ सकता है।

वाटिका में घूमते हुए कुलदीप का वीडियो आया सामने

इस मामले में कुलदीप का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह शादी समारोह वाली वाटिका में घूमता दिखाई दे रहा है। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि कुलदीप शादी से पहले वाटिका में यह देखने आया था कि वहां उसकी मांग के मुताबिक ब्रेजा कार खड़ी है या नहीं।

कुलदीप ने आरोपों को बताया था निराधार

दूसरी ओर कुलदीप ने अपने ऊपर लगे दहेज मांगने के आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना है कि उसने न तो ब्रेजा कार मांगी और न ही किसी प्रकार के दहेज की मांग की। उसने विवाद की वजह वाटिका में प्रवेश, कपड़े बदलने की व्यवस्था और आयोजन को लेकर हुए विवाद को बताया था। उसने लड़की पक्ष पर उसे बंधक बनाने का आरोप भी लगाया था। कुलदीप ने कहा था कि वह अब भी शादी के लिए तैयार है।

पुलिस ने दोनों परिवारों को पूछताछ के लिए बुलाया

सेक्टर-27 थाना पुलिस ने मामले में दोनों परिवारों को पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और उनके द्वारा उपलब्ध करवाए गए साक्ष्यों की जांच कर रही है। वहीं, महिला आयोग की ओर से एफआईआर दर्ज करने के निर्देश मिलने के बाद अब पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजर है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने भी कुलदीप को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की है।

यह भी पढ़ें- ब्रेजा कार की जिद में बरात लौटाना पड़ा भारी, केस दर्ज होने के बाद दिल्ली पुलिस का सिपाही सस्पेंड

यह भी पढ़ें- 'ऑरा तो टैक्सी में चलती है, ब्रेजा चाहिए...', कार की जिद पर बरात लौटाने वाला दिल्ली पुलिस का सिपाही सस्पेंड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।