विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिलासपुर वृद्धाश्रम में गूंजी शहनाई, 75 की उम्र में कन्हैया लाल को लगी मेहंदी; सबीना के साथ कल 7 फेरे लेंगे

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:03 PM (IST)Updated: Tue, 24 Nov 2026 07:15 PM (IST)

बिलासपुर के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में 63 वर्षीय सबीना और 75 वर्षीय कन्हैया लाल शादी कर रहे हैं। उम्र के आखिरी पड़ाव में यह विवाह समाज को रिश्तों और साथ की अहमियत का खूबसूरत संदेश दे रहा है।

बिलासपुर वृद्धाश्रम में कन्हैया लाल और सबीना को हल्दी लगाते हुए। जागरण

बिलासपुर वृद्धाश्रम में कन्हैया लाल और सबीना को हल्दी लगाते हुए। जागरण

HighLights

  1. बिलासपुर वृद्धाश्रम में 63 वर्षीय सबीना और 75 वर्षीय कन्हैया लाल की शादी।

  2. हल्दी-मेहंदी रस्में पूरी, बुधवार को होंगे वरमाला और सात फेरे।

  3. यह विवाह समाज को रिश्तों की अहमियत का खूबसूरत संदेश दे रहा है।

संवाद सहयोगी, बिलासपुर। अपनों ने साथ छोड़ा तो जिंदगी के सफर में अकेले रह गए, लेकिन वृद्धाश्रम में एक-दूसरे का साथ मिला तो जीवन की नई शुरुआत करने का फैसला कर लिया। अब उम्र के आखिरी पड़ाव में दो दिल एक-दूसरे के हमसफर बनने जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर जिला के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में 63 वर्षीय सबीना और 75 वर्षीय कन्हैया लाल की शादी की रस्में मंगलवार शाम को हल्दी और मेहंदी के साथ शुरू हो गईं। 

दूल्हा व दुल्हन हल्दी के वक्त पीले रंग के वस्त्र पहन रखे थे। वृद्धाश्रम में पहली बार शहनाई गूंज रही है और बुजुर्गों के बीच विवाह की खुशियां मनाई जा रही हैं। कोलकाता निवासी 63 वर्षीय सबीना और मंडी जिला के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग गांव निवासी 75 वर्षीय कन्हैया लाल अब एक-दूसरे के जीवनसाथी बनने जा रहे हैं।

मंगलवार शाम को अपना घर वृद्धाश्रम में दोनों की हल्दी और मेहंदी की रस्में पारंपरिक तरीके से निभाई गईं। संस्थान के सदस्यों ने इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। वृद्धाश्रम में रह रहे अन्य बुजुर्ग भी इस शादी को लेकर उत्साहित हैं। 

वरमाला और सात फेरों की रस्म

बुधवार सुबह साढ़े 11 बजे हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार वरमाला और सात फेरों की रस्म होगी। इसके बाद विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। 

नालागढ़ वृद्धाश्रम से शुरू होगा नया जीवन

दोपहर ठीक तीन बजे दयोली स्थित वृद्धाश्रम से बरात की विदाई होगी। शादी के बाद दोनों नालागढ़ स्थित वृद्धाश्रम में अपना नया जीवन शुरू करेंगे। इस अनूठे आयोजन में उपायुक्त किरण भड़ाना के भी पहुंचने की संभावना है। 

जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल और अपना घर वृद्धाश्रम के संस्थापक प्रकाश बंसल की देखरेख में शादी की तैयारियां व रस्में की जा रही हैं। 

समाज को खूबसूरत संदेश

यह शादी समाज को एक बेहद खूबसूरत संदेश देने जा रही है कि जीवन में रिश्तों की अहमियत और साथ की जरूरत उम्र की मोहताज नहीं होती। अपनों से दूर होकर अकेलेपन में जिंदगी गुजार रहे सबीना और कन्हैया लाल को वृद्धाश्रम में एक-दूसरे का साथ मिला तो दोनों ने जीवन की नई शुरुआत करने का फैसला लिया। अब सात फेरों के साथ दोनों एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनने जा रहे हैं।

दयोली के अपना घर वृद्धाश्रम में होने जा रहा यह विवाह समारोह न केवल यहां रह रहे बुजुर्गों के लिए खुशी का अवसर है, बल्कि उन लोगों के लिए भी एक मिसाल बनेगा जो मानते हैं कि उम्र के किसी भी पड़ाव पर जिंदगी को नए सिरे से शुरू किया जा सकता है। इस शादी के जरिए बिलासपुर एक ऐसी अनूठी और यादगार पहल का गवाह बनने जा रहा है, जहां रिश्तों की नई परिभाषा लिखी जाएगी।

यह भी पढ़ें: 75 का दूल्हा और 63 की दुल्हन, हिमाचल में अनोखा विवाह; खत्म हो चुके सफर के बीच वृद्धाश्रम में मिले हमसफर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।