विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुल्लू के निरमंड में बड़ा हादसा, 250 मीटर गहरी खाई में गिरी तेज रफ्तार कार; 2 लोगों की दर्दनाक मौत

Published: Fri, 18 Sep 2026 01:40 PM (IST)

कुल्लू के निरमंड में सेरी गांव के पास एक तेज रफ्तार कार 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे ...और पढ़ें

तेज रफ्तार में कार मोड़ते समय अनियंत्रित होकर ढांक में गिरी।

तेज रफ्तार में कार मोड़ते समय अनियंत्रित होकर ढांक में गिरी।

HighLights

  1. कुल्लू के निरमंड में सेरी गांव के पास हुआ हादसा

  2. तेज रफ्तार कार 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी

  3. हादसे में चालक सहित दो लोगों की मौके पर मौत

संवाद सहयोगी, कुल्लू। जिला कुल्लू के निरमंड थाना क्षेत्र के सेरी गांव के पास वीरवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक अल्टो कार करीब 250 मीटर गहरी ढांक में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार सवार चालक हरि सिंह और श्याम लाल की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की रात परम सिंह, हरि सिंह और श्याम लाल कार नंबर एचपी-35-6481 में सेरी गांव की ओर जा रहे थे। रात करीब नौ बजे सेरी गांव के पास परम सिंह कार से उतर गया।

तेज रफ्तार कार नहीं बना सकी संतुलन

इसके बाद चालक हरि सिंह ने कार को मोड़ा। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान कार तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 250 मीटर गहरी ढांक में जा गिरी।

हादसे के समय कार में चालक हरि सिंह और श्याम लाल सवार थे। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शव की पहचान 56 वर्षीय हरि सिंह पुत्र ध्यान चंद निवासी गांव शाह, डाकघर व तहसील निथर जिला कुल्लू, और 62 वर्षीय श्याम लाल पुत्र हीरा लाल निवासी निथर क्षेत्र के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में कार के तेज रफ्तार में मोड़ काटने के दौरान अनियंत्रित होकर ढांक में गिरने की बात सामने आई है।

निरमंड पुलिस ने इस संबंध में अभियोग संख्या 78/26 दर्ज किया है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश के रेल यात्रियों को झटका, रेलवे ने अक्टूबर तक रद की दौलतपुर चौक-अंबाला पैसेंजर ट्रेन