हिमाचल में स्कूल कैंपस में पीट दिया शिक्षक, साथी टीचर ने बचाई जान; हंगामा देख बच्चे भी सहम गए
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक राजकीय प्राथमिक पाठशाला के शिक्षक डोले राम को स्कूल परिसर में एक व्यक्ति ...और पढ़ें

सरकारी स्कूल में घुसकर शिक्षक को पीट दिया गया। (फोटो एआई से बनाया है)
HighLights
मंडी के स्कूल में शिक्षक की पिटाई।
सहयोगी शिक्षक ने बचाई पीड़ित की जान।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
संवाद सहयोगी, थुनाग (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। सराज क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुल्थनी में जेबीटी शिक्षक की पिटाई कर दी गई। पीड़ित शिक्षक की शिकायत पर जंजैहली पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
स्कूल परिसर में पीटा
जंजैहली थाने में पुलिस को दी शिकायत में राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुल्थनी में कार्यरत जेबीटी शिक्षक डोले राम ने बताया कि 30 अक्टूबर को बॉबी नामक व्यक्ति ने उनको पीट दिया।
आरोपित स्कूल परिसर में घुस आया। बच्चों के सामने शिक्षक की पिटाई होने पर वह भी सहम गए।
सहयोगी शिक्षक ने बचाई जान
सहयोगी शिक्षक यशपाल शर्मा बीच-बचाव नहीं करते तो आरोपित उनकी जान भी ले सकता था। आरोपित के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करे।
विभाग को किया सूचित
पीड़ित शिक्षक ने घटना की सूचना शिक्षा विभाग को भी दे दी है। मामले पर शिक्षक वर्ग में भारी आक्रोश है। स्कूल परिसर में शिक्षक की पिटाई से अन्य अध्यापकों में भी असुरक्षा का माहौल है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
शिकायत के आधार पर जंजैहली पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दिया है। डीएसपी करसोग चांद किशोर ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
यह भी पढ़ें: 'जमीन के मालिकाना हक का विवाद होने से मुआवजा नहीं रोक सकते', हिमाचल हाई कोर्ट का फैसला; भवन बनाने वाला हकदार